गोंडा में अनोखे अंदाज में मनाया गया जश्न, झालमुड़ी बांटकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
गोंडा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाल बहादुर शास्त्री चौक पर झालमुरी बांटकर पश्चिम बंगाल की जीत का अनोखा जश्न मनाया।
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को मिली बड़ी जीत के बाद देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भी जश्न का अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की। गोंडा के लाल बहादुर शास्त्री चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच जाकर जश्न मनाया और जीत की बधाई दी। इस दौरान आम लोगों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
झालमुड़ी बांटकर मनाया गया जश्न
भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अमर पाठक इस मौके पर एक बड़े बर्तन में प्याज और मिर्च के साथ झालमुड़ी लेकर पहुंचे। उन्होंने चौराहे पर खड़े लोगों और वहां से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवारों को रोक-रोककर झालमुड़ी बांटी। इसके साथ ही उन्होंने सभी को पश्चिम बंगाल में मिली जीत की बधाई दी। इस अनोखे तरीके से जश्न मनाने को लेकर लोगों में भी उत्साह देखने को मिला और कई लोग इस पहल की चर्चा करते नजर आए।
कार्यकर्ताओं ने दी जीत की बधाई
इस मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए खुशी जाहिर की। चौराहे पर लोगों के साथ बातचीत करते हुए कार्यकर्ताओं ने जीत को लेकर अपने विचार साझा किए और सभी को शुभकामनाएं दीं।
अमर पाठक ने कही अपनी बात
भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अमर पाठक ने इस अवसर पर कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत सिर्फ एक राजनीतिक जीत नहीं है, बल्कि यह जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि वहां के लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है और अब एक नए दौर की शुरुआत होगी। उन्होंने अपने बयान में कहा कि इस जीत से लोगों में उत्साह है और वे खुलकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
अनोखा जश्न बना चर्चा का विषय
गोंडा में इस तरह झालमुड़ी बांटकर जश्न मनाने का तरीका लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। आमतौर पर मिठाई बांटकर खुशी मनाई जाती है, लेकिन यहां इस अलग अंदाज ने सबका ध्यान खींचा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को दिलचस्प बताया और इसमें शामिल होकर खुशी जाहिर की।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
