'कुर्मी समाज से बनना चाहिए मुख्यमंत्री' लखनऊ में भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने की मांग, सीएम योगी को लेकर भी दिया बड़ा बयान
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कुर्मी मुख्यमंत्री की मांग पर भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि कुर्मी समाज का व्यक्ति मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनना चाहिए, बिल्कुल बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला भाजपा करेगी। साथ ही योगी आदित्यनाथ को जाति से ऊपर बताते हुए सपा, PDA, राम मंदिर चंदे और ब्राह्मण मुद्दे पर भी निशाना साधा।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जातीय समीकरण को लेकर सियासत तेज होने लगी है। लखनऊ में कुर्मी समाज की ओर से भाजपा से कुर्मी चेहरे को मुख्यमंत्री बनाने की मांग के बीच लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज का व्यक्ति मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनना चाहिए, बिल्कुल बनना चाहिए। हालांकि, मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उन्होंने फैसला भाजपा नेतृत्व पर छोड़ दिया। गुर्जर ने कहा कि अगर कुर्मी समाज भाजपा से मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहा है तो यह अच्छी बात है। इसका मतलब है कि समाज को भाजपा पर भरोसा है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला पार्टी करेगी। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी अपनी बात रखी। गुर्जर ने कहा कि संत की कोई जाति नहीं होती और योगी आदित्यनाथ जाति से ऊपर हैं।
योगी को लेकर बोले- संत बनने के बाद जाति से ऊपर हो जाता है व्यक्ति
नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ में कुर्मी, जाट, गुर्जर और ब्राह्मण समेत सभी समाजों का प्रतिनिधित्व है। उन्होंने कहा कि भगवा किसी जाति का प्रतीक नहीं है। गुर्जर के मुताबिक, संत बनने के बाद व्यक्ति अपनी जातिगत पहचान से ऊपर उठकर पूरे सनातन का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में योगी आदित्यनाथ को किसी एक जाति के दायरे में नहीं देखा जाना चाहिए। कुर्मी समाज की मुख्यमंत्री की मांग और योगी आदित्यनाथ को जाति से ऊपर बताए जाने वाले इस बयान को 2027 की चुनावी राजनीति के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के भीतर अलग-अलग जातीय समूहों की राजनीतिक अपेक्षाओं के बीच गुर्जर ने एक तरफ कुर्मी समाज की मांग का समर्थन किया, तो दूसरी तरफ मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को जातीय पहचान से अलग बताया।
जान से मारने की धमकियों पर बोले- डरने वाले नहीं
नंद किशोर गुर्जर ने उन्हें लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। गुर्जर ने दावा किया कि विदेश में बैठे कुछ लोग उन्हें बम से उड़ाने और उनके पीछे नेटवर्क लगाए जाने जैसी धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है और कार्रवाई की मांग की गई है।
लोनी की घटनाओं पर सपा को घेरा
लोनी में नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा विधायक ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं को लेकर विपक्षी नेताओं की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं आई। गुर्जर ने कहा कि सरकार की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार की कार्रवाई का बचाव करते हुए विपक्ष पर राजनीतिक चुप्पी का आरोप लगाया।
2027 में सपा को 27 सीटें भी नहीं मिलने का दावा
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नंद किशोर गुर्जर ने समाजवादी पार्टी की संभावनाओं पर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन, विधायक और कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में सक्रिय हैं। उन्होंने सपा पर जातीय और धार्मिक राजनीति करने का आरोप लगाया। PDA की रणनीति पर सवाल उठाते हुए गुर्जर ने कहा कि केवल पिछड़ा, दलित और अब पंडित की बात करने से वोट नहीं मिलेंगे। विपक्ष को जमीन पर इन वर्गों के साथ होने वाली घटनाओं पर भी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की स्थिति बेहद खराब होगी और उसे 27 सीटें भी नहीं मिलेंगी।
राम मंदिर चंदे के आरोपों पर भी सपा पर हमला
राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित गड़बड़ी के सपा के आरोपों पर भी गुर्जर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले में जांच और कार्रवाई चल रही है। उनका दावा है कि जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और संपत्ति जब्ती जैसी प्रक्रिया भी चल रही है। उन्होंने विपक्ष पर राम मंदिर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।
ब्राह्मण मुद्दे पर भी सपा को घेरा
ब्राह्मण समाज के अपमान के आरोपों पर भी नंद किशोर गुर्जर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों को प्रदेश की जनता भूली नहीं है। गुर्जर ने भाजपा सरकार में ब्राह्मण समाज के सम्मान का दावा करते हुए कहा कि संत और ब्राह्मण समाज को लेकर राजनीति करने से समाजवादी पार्टी को कोई फायदा नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
