गाजियाबाद में आवारा कुत्तों का कहर, पांच साल के मासूम पर हमला, चेहरे और आंख के पास गंभीर चोट
गाजियाबाद के अर्थला इलाके में तीन आवारा कुत्तों के हमले में एक 5 वर्षीय लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्तों के बढ़ते आतंक से निवासियों में दहशत फैल गई है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद शहर में आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला अर्थला क्षेत्र का है, जहां न्यू हिंडन विहार की नीलमणि कॉलोनी में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कॉलोनी में खेल रहे पांच साल के मासूम बच्चे पर तीन आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिराकर उसके चेहरे और आंख के पास बुरी तरह काट लिया। बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन
पीड़ित बच्चे तलहा के पिता समीर ने बताया कि वह सुबह ऑफिस जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा घर के बाहर खेलने चला गया। कुछ ही मिनटों बाद बच्चे की तेज चीख सुनाई दी। आवाज सुनते ही पिता समीर और बच्चे के चाचा सलमान बाहर दौड़े। उन्होंने देखा कि तीन आवारा कुत्ते बच्चे को जमीन पर गिराकर नोच रहे थे। दोनों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और बच्चे को गोद में उठाकर घर ले गए।
चेहरे और आंख के पास गंभीर घाव
कुत्तों के हमले में बच्चे के चेहरे पर गहरे जख्म हो गए हैं। खासकर आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे तुरंत गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया। घावों की सफाई की गई और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। हालत को देखते हुए बच्चे को भर्ती कर लिया गया है।
डॉक्टरों की चिंता, विशेष निगरानी में बच्चा
एमएमजी अस्पताल के डॉक्टर बृजेश ने बताया कि बच्चे के चेहरे और आंख के पास गंभीर चोटें हैं। इसलिए उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार अगर इलाज में थोड़ी भी देर हो जाती तो बच्चे की आंख को स्थायी नुकसान हो सकता था। फिलहाल बच्चा मानसिक रूप से भी डरा हुआ है और सामान्य बातचीत नहीं कर पा रहा है।
कॉलोनी में बढ़ता डॉग बाइट का खतरा
बच्चे के चाचा सलमान ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रोजाना तीन से चार लोग डॉग बाइट का शिकार हो रहे हैं। कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोग डरे हुए हैं और बच्चों को बाहर भेजने से कतरा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0