आगरा में बॉयफ्रेंड की तेजाब से हत्या करने वाली महिला को उम्रकैद, कोर्ट ने ठहराया दोषी
आगरा की अदालत ने एक महिला को अपने प्रेमी को नशीला पदार्थ देकर तेजाब से मारने के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मामले की पूरी जानकारी और अदालत का फैसला पढ़ें।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बॉयफ्रेंड को तेजाब से जलाकर मारने वाली महिला को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। महिला ने सुनियोजित तरीके से युवक को अपने घर बुलाया, उसकी चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया और फिर उस पर तेजाब डाल दिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक की मां की शिकायत पर केस दर्ज हुआ था। लंबी सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट ने आरोपी महिला को सश्रम उम्रकैद की सजा सुनाई है।
बहाने से बुलाकर रची गई हत्या की साजिश
कासगंज के थाना सहावर क्षेत्र के बहापुर गांव की रहने वाली कुसमा देवी ने आगरा के थाना हरीपर्वत में औरैया के थाना अजीतमल निवासी सोनम पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। कुसमा देवी का बेटा देवेंद्र आगरा के शास्त्री नगर खंदारी इलाके में किराए के मकान में रहता था और एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करता था। 24 मार्च 2021 को सोनम पांडेय ने देवेंद्र को पंखा ठीक करने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां उसने देवेंद्र की चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद सोनम ने उस पर तेजाब डाल दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत, दोस्त ने दी थी सूचना
तेजाब हमले के बाद देवेंद्र की हालत बेहद नाजुक हो गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दिल्ली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी देवेंद्र के दोस्त शिवम पांडेय ने फोन करके उसके परिवार को दी थी। इसके बाद मृतक की मां ने आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
कोर्ट में 11 गवाह, साक्ष्यों से साबित हुआ अपराध
इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से मृतक की मां कुसमा देवी, दोस्त शिवम पांडेय सहित कुल 11 लोगों की गवाही कराई गई। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी शिव कुमार की अदालत ने सभी गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर सोनम पांडेय को दोषी माना। कोर्ट ने महिला को सश्रम उम्रकैद की सजा सुनाई और साथ ही 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
मरने से पहले दिए बयान बने अहम सबूत
देवेंद्र ने अपनी मौत से पहले अपर जिला मजिस्ट्रेट और डॉक्टर नमन गुप्ता की मौजूदगी में बयान दर्ज कराए थे। उसने बताया था कि वह पिछले चार साल से सोनम पांडेय के साथ रह रहा था। सोनम पहले से शादीशुदा थी और अपने पति को छोड़ चुकी थी। घटना वाले दिन सोनम ने फोन कर उसे बुलाया, चाय में नशीला पदार्थ दिया और बेहोशी की हालत में तेजाब डाल दिया। उसके इन्हीं बयानों ने कोर्ट में अहम भूमिका निभाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0