नोएडा में पुलिस मुठभेड़, 27 मुकदमों वाला अंतर्राज्यीय बदमाश घायल हालत में गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने जलपुरा पावर हाउस के पास मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ चोरी और डकैती के 27 मामले दर्ज हैं।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाश के बीच एक सनसनीखेज मुठभेड़ सामने आई। थाना ईकोटेक-3 पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी होंडा सिटी कार सवार एक शातिर बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। जलपुरा बिजली घर के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़ा गया बदमाश अंतर्राज्यीय अपराधी है, जिस पर चोरी और लूट के कुल 27 मामले दर्ज हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देख भागा बदमाश
पुलिस के अनुसार, थाना ईकोटेक-3 की टीम शुक्रवार रात जलपुरा स्थित बिजली घर के पास वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक होंडा सिटी कार आती दिखी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और मोड़कर भागने लगा। कुछ दूर आगे रास्ते में पानी भरा होने के कारण कार फंस गई। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और बदमाश को घेर लिया।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
खुद को घिरा हुआ देखकर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हाथरस का रहने वाला है बदमाश संजीव
घायल बदमाश की पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ ‘मौत’ के रूप में हुई है। वह हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र के तिलोटी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की होंडा सिटी कार, सोने की चेन, दीवार घड़ी, कपड़े और एक मेकअप किट बरामद की है। इसके साथ ही एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला है।
27 मुकदमों का है आपराधिक इतिहास
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि संजीव उर्फ ‘मौत’ लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उस पर गौतमबुद्ध नगर और अलीगढ़ के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। सूरजपुर, ईकोटेक-3 और अलीगढ़ पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0