ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दर्दनाक घटना, दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की पिस्टल से गर्लफ्रेंड ने खुद को मारी गोली
ग्रेटर नोएडा पश्चिम से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की प्रेमिका ने एक पार्टी में बहस के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। यहां दिल्ली पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पार्टी के दौरान हुआ विवाद
यह मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात फ्लैट के अंदर कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल आशीष और उसकी गर्लफ्रेंड प्रिया के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर युवती ने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
गोली की आवाज से दहले लोग
गोली चलने की आवाज सुनते ही सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक युवती खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ी हुई थी। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पांच साल से रिलेशनशिप में थे दोनों
मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रिया के रूप में हुई है। आरोपी आशीष दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है। पुलिस ने बताया कि आशीष का अपनी पत्नी से तलाक का मामला चल रहा था और वह पिछले पांच साल से प्रिया के साथ रिलेशनशिप में था। बीते पांच महीनों से दोनों राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में ही साथ रह रहे थे।
पत्नी के फोन से बिगड़ा मामला
घटना के समय पार्टी चल रही थी, तभी आशीष की पहली पत्नी का फोन आया, जिसे प्रिया ने रिसीव कर लिया। इसके बाद फोन पर कहासुनी हुई और उसी तनाव के बीच यह दुखद कदम उठाया गया।
फ्लैट सील, जांच जारी
सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी आरके गौतम ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0