प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े दुस्साहस, असलहे के दम पर सर्राफा कारोबारी से 17 लाख की लूट

प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े लूटपाट हुई, जब प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर एक जौहरी से हथियारबंद अपराधियों ने 17 लाख रुपये नकद और चांदी लूट ली।

Feb 7, 2026 - 14:23
Feb 7, 2026 - 15:49
 0
प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े दुस्साहस, असलहे के दम पर सर्राफा कारोबारी से 17 लाख की लूट

उत्तर प्रदेश में बेखौफ बदमाशों का आतंक लगातार सामने आ रहा है। ताजा मामला प्रतापगढ़ जिले का है, जहां दिनदहाड़े असलहे के दम पर सर्राफा कारोबारी से बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। देल्हूपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज–अयोध्या हाईवे पर बदमाशों ने कारोबारी की कार को ओवरटेक कर रोक लिया और गन प्वाइंट पर लूट कर फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे।

कार रोककर कनपटी पर सटाया असलहा
जानकारी के मुताबिक अमेठी जिले के ज्ञानीपुर गांव निवासी रितेश मौर्या की रामगंज बाजार में ज्वैलर्स की दुकान है। वह अपने चालक और मित्र विकास सोनी के साथ प्रयागराज गए थे, जहां उन्होंने एक कारोबारी से मुलाकात कर करीब सात किलो चांदी खरीदी थी। इसके बाद वह कार से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे प्रतापगढ़ जिले में नेशनल हाईवे पर पहुंचे, तभी नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर बाइक आगे लगा दी। बदमाशों ने रितेश और चालक की कनपटी और सीने पर असलहा सटाकर कार में रखा गहनों और नकदी से भरा बैग लूट लिया।

17 लाख नकदी और तीन किलो चांदी की लूट
पीड़ित के अनुसार बदमाश 17 लाख रुपये नकद और तीन किलो चांदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।

कार से मिली चार किलो चांदी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर जांच के दौरान कारोबारी की कार की तलाशी ली। इस दौरान कार की सीट के नीचे से चार किलो चांदी बरामद हुई। इसके बाद मामले को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उसी के आधार पर बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले को हर एंगल से संदिग्ध मानकर जांच में जुटी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sandeep Shukla संदीप शुक्ला UP News Network क्राइम रिपोर्टर, पिछले एक साल से UP News Network के साथ जुड़ कर कार्य कर रहा हूँ। मीडिया जगत में इससे पहले| Ex-NewsNation | Ex-We news portal |Ex Prime Tv | Ex- apnnews क्राइम रिपोर्टर रह कर कार्य कर चुका हूं। मीडिया लाइन में मुझे कार्य करते हुये 10 वर्ष हो चुके है। मैं प्रॉपर लखनऊ के निवासी हूँ।