फतेहपुर में भीषण आग से मचा हड़कंप, वाहन यार्ड में खड़ी 40 से ज्यादा गाड़ियां जलकर राख
फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र में वाहन यार्ड में भीषण आग लगने से 40 से ज्यादा गाड़ियां जलकर राख हो गईं. पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया.
फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सौरा इलाके में स्थित एक वाहन यार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और यार्ड में खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं. आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का काला गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब 40 से अधिक छोटी और बड़ी गाड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं. करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर पहुंचीं पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. कई घंटों तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में दर्जनों वाहन उसकी चपेट में आ गए. आग के कारण आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया. लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई थी।
यार्ड में खड़ी थीं 100 से ज्यादा गाड़ियां
बताया जा रहा है कि जिस यार्ड में आग लगी, वहां 100 से अधिक वाहन खड़े थे. इनमें ज्यादातर वे गाड़ियां थीं जिन्हें फाइनेंस कंपनियों ने किस्त जमा न होने के कारण कब्जे में लेकर यहां रखा था। आग लगने के बाद कई वाहन पूरी तरह जल गए, जबकि कुछ को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन के अनुसार नुकसान का सही आंकड़ा जांच के बाद ही सामने आ सकेगा, लेकिन शुरुआती अनुमान में करोड़ों रुपये की संपत्ति जलने की बात कही जा रही है।
आग लगने की वजह की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। वहीं फायर विभाग भी यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आग किस वजह से लगी और इतनी तेजी से कैसे फैल गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
