प्रधान की दबंगई में युवक की हत्या, जमीनी विवाद में लाठी-डंडों से पीटने के बाद मौत से गांव में तनाव
फतेहपुर के धरमंगदपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। प्रधान और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खागा थाना क्षेत्र के धरमंगदपुर (नरवा) गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय फूलचंद्र लोधी के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के प्रधान और उसके साथियों ने पहले युवक की लाठियों से जमकर पिटाई की और फिर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
जमीनी विवाद बना हत्या की वजह
परिजनों के मुताबिक मृतक फूलचंद्र लोधी का गांव के प्रधान मदन उर्फ पवन सिंह और उसके परिवार से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर पहले भी कई बार कहासुनी और मारपीट हो चुकी थी। आरोप है कि बीती रात प्रधान पक्ष ने फूलचंद्र को घेर लिया और लाठियों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि यह पूरी घटना पहले से सोची-समझी साजिश थी।
पुलिस को पहले कैसे मिली सूचना?
मृतक के परिवार ने मामले में कई गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि जब वे खुद फूलचंद्र की तलाश कर रहे थे, तब पुलिस को पहले ही घटना की सूचना कैसे मिल गई। परिवार का आरोप है कि कानपुर निवासी रमेश सहगल का आरोपी पक्ष से संबंध है और उसी ने पुलिस को फोन किया था। परिजनों ने उस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल जांचने की मांग की है, जिससे पुलिस को सूचना दी गई थी।
गांव में दहशत, पुलिस की पांच टीमें जांच में जुटीं
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। फिलहाल गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी। पुलिस ने बताया कि 7 मई को भी इसी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मुख्य आरोपी मदन लोधी और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा
घटना के बाद गांव में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पक्ष से जुड़े एक व्यक्ति ने फेसबुक पर प्रधान के साथ अपने संबंधों का जिक्र किया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
