मेरठ में कांवड़ियों पर CM योगी ने की पुष्पवर्षा, हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर बरसे फूल, अनोखे अंदाज के कांवड़ ने लोगों को किया आकर्षित
सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ में CM योगी आदित्यनाथ ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। हेलीकॉप्टर से भी फूल बरसाए गए। वहीं शामली में 15 लाख की 10 कबूतरों वाली विशेष कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मेरठ। सावन के महीने में उत्तर प्रदेश की सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। दिल्ली-देहरादून हाईवे समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर शिवभक्त कांवड़ और गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इसी बीच शनिवार को मेरठ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। मंच से मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों पर फूल बरसाए। इस दौरान हेलीकॉप्टर से भी कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:05 बजे शोभित विश्वविद्यालय के मैदान में बने हेलीपैड पर पहुंचे। इसके बाद वह हाईवे के किनारे बनाए गए मंच पर पहुंचे, जहां से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान कांवड़ मार्ग पर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
हाईवे पर उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब
शनिवार सुबह से ही दिल्ली-देहरादून हाईवे और दूसरे प्रमुख कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। बड़ी संख्या में कांवड़िए पैदल यात्रा करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए प्रशासन की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेरठ के प्रसिद्ध औघड़नाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में ATS की निगरानी बढ़ाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
70 साल के प्रमोद साइकिल से ला रहे कांवड़
कांवड़ यात्रा में इस बार कई श्रद्धालु अपनी अलग शैली और संकल्प के कारण आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दिल्ली निवासी 70 वर्षीय प्रमोद कुमार साइकिल से कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने अपनी साइकिल पर BMW का लोगो भी लगा रखा है। प्रमोद कुमार के मुताबिक वह पिछले 10 साल से हरिद्वार से साइकिल पर ही कांवड़ लेकर आ रहे हैं। इस दौरान वह रोज करीब 100 किलोमीटर तक साइकिल चलाते हैं।
15 लाख की 10 कबूतरों वाली कांवड़
शामली में शनिवार को एक अनोखी कांवड़ ने लोगों का ध्यान खींचा। सोनीपत के एक गांव के रहने वाले अंकित 10 कबूतरों वाली विशेष कांवड़ लेकर शामली पहुंचे। इस कांवड़ की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। कांवड़ को देखने के लिए सड़क किनारे लोग रुकते नजर आए। कई लोगों ने इसकी तस्वीरें और वीडियो भी बनाए। अंकित ने बताया कि केदारनाथ में एक कबूतर का जोड़ा शहीद हो गया था। उसी की याद में उन्होंने इस बार कबूतर कांवड़ उठाने का संकल्प लिया। कांवड़ में शामिल 10 कबूतरों के साथ वह अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस कांवड़ के जरिए वह श्रद्धा के साथ उन कबूतरों की स्मृति को भी जीवित रखना चाहते हैं।
मुजफ्फरनगर में आंखों पर पट्टी बांधकर यात्रा
मुजफ्फरनगर में भी कांवड़ यात्रा के दौरान एक शिवभक्त अलग अंदाज में नजर आया। यहां एक कांवड़िया आंखों पर पट्टी बांधकर कांवड़ यात्रा करता दिखाई दिया। कांवड़ मार्ग पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
मेरठ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेरठ और आसपास के कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। औघड़नाथ मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन की कोशिश है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ दौरे के दौरान भी कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
