वाराणसी में एक लाख का इनामी बदमाश बनारसी यादव ढेर, STF को मिली बड़ी सफलता

उत्तर प्रदेश पुलिस बल ने वाराणसी में देर रात हुई मुठभेड़ में 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी बनारसी यादव को मार गिराया। वह उपनिवेशी महेंद्र गौतम हत्याकांड में वांछित था।

Feb 4, 2026 - 15:39
Feb 4, 2026 - 16:34
 0  9
वाराणसी में एक लाख का इनामी बदमाश बनारसी यादव ढेर, STF को मिली बड़ी सफलता

उत्तर प्रदेश एसटीएफ को मंगलवार देर रात वाराणसी में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिले के चौबेपुर क्षेत्र के बरियासनपुर के पास हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश बनारसी यादव को मार गिराया गया। बनारसी यादव कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड में वांछित था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान इलाके में देर रात गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। मौके से अवैध असलहा और कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं।

महेंद्र गौतम हत्याकांड में था मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, मारा गया बदमाश बनारसी यादव गाजीपुर जिले के गौरहट करंडा का रहने वाला था। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी समेत कुल 21 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। बनारसी यादव ने अपने साथियों अरविंद यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू और विशाल के साथ मिलकर 21 अगस्त को वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत नगर कॉलोनी फेज-दो में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया है कि इस हत्या के लिए उसे करीब पांच लाख रुपये की सुपारी मिली थी।

STF को मिली पुख्ता सूचना
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात सूचना मिली थी कि बनारसी यादव किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बरियासनपुर क्षेत्र के दयालपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव और अनिल कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चेकिंग शुरू की।

रुकने के इशारे पर की फायरिंग
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर बनारसी यादव अपने एक साथी के साथ आता दिखाई दिया। जब एसटीएफ टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पीछे बैठे बनारसी यादव ने बचने के लिए एसटीएफ टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोली उसके सीने में लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मौके से अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से अवैध असलहा और कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि बनारसी यादव बेहद शातिर और दुर्दांत अपराधी था। उसकी मौत से वाराणसी और आसपास के जिलों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sandeep Shukla संदीप शुक्ला UP News Network क्राइम रिपोर्टर, पिछले एक साल से UP News Network के साथ जुड़ कर कार्य कर रहा हूँ। मीडिया जगत में इससे पहले| Ex-NewsNation | Ex-We news portal |Ex Prime Tv | Ex- apnnews क्राइम रिपोर्टर रह कर कार्य कर चुका हूं। मीडिया लाइन में मुझे कार्य करते हुये 10 वर्ष हो चुके है। मैं प्रॉपर लखनऊ के निवासी हूँ।