शाहजहांपुर में दुष्कर्म के आरोपी की थाने में पूछताछ के दौरान मौत, पुलिस बोली- तबीयत बिगड़ी, हिरासत पर उठे सवाल
शाहजहांपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पुलिस कार्रवाई पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दुष्कर्म के आरोप में पूछताछ के लिए थाने लाया गया आरोपी कुछ ही घंटों बाद अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस का दावा है कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, लेकिन पूरे घटनाक्रम ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर थाने में क्या हुआ? पीड़िता ने अपनी शिकायत में क्या आरोप लगाए थे? पुलिस अब क्या कह रही है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है?
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दुष्कर्म के एक आरोपी की पुलिस पूछताछ के दौरान मौत ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद अब पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दरअसल ये मामला सिंधौली थाना क्षेत्र का है। यहां 17 वर्षीय किशोरी ने 5 जुलाई को पुलिस को दी गई तहरीर में अपने सौतेले पिता पर पिछले तीन वर्षों से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे लगातार जान से मारने की धमकी देता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद भी उसका सौतेला पिता उस पर वापस घर आने का दबाव बना रहा था।
एफआईआर के बाद पूछताछ के लिए बुलाया गया था थाने
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद जांच के सिलसिले में उसे रविवार शाम करीब चार बजे सिंधौली थाने बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही थी। पुलिस का दावा है कि सोमवार रात करीब एक बजे आरोपी की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत बताई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रात करीब 1:40 बजे अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी। अब मौत की असल वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद कई अहम सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।
एसपी बोले- हर पहलू की निष्पक्ष जांच होगी
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच होगी।
रिपोर्ट- कमल सिंह
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
