प्रतापगढ़ में आंधी-बारिश का कहर, बिजली और हादसों में 4 लोगों की दर्दनाक मौत

प्रतापगढ़ में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से बड़ा हादसा। लालगंज, बाघराय, महेशगंज और अंतू में चार लोगों की मौत, कई जगह पेड़ गिरे और जनजीवन प्रभावित हुआ।

May 14, 2026 - 10:46
 0
प्रतापगढ़ में आंधी-बारिश का कहर, बिजली और हादसों में 4 लोगों की दर्दनाक मौत

प्रतापगढ़ जिले में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कहीं टीनशेड गिर गया तो कहीं दीवार ढहने से लोगों की जान चली गई। वहीं एक किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। अचानक बदले मौसम और तेज तूफान से पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच और राहत कार्य में जुट गई हैं। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

लालगंज में टीनशेड गिरने से युवक की मौत
पहली घटना लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ओझा का पुरवा गांव की है। यहां आशाराम यादव का 25 वर्षीय बेटा भीम यादव सीमेंटेड शेड पर ईंट रखकर उसे दबाने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज हवा चली और टीनशेड भरभराकर नीचे गिर गया। शेड के नीचे दबने से भीम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बाघराय और महेशगंज में दीवार गिरने से गई जान
दूसरी घटना बाघराय थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव में हुई। यहां 46 वर्षीय शांति देवी अपने घर के पास थीं, तभी तेज बारिश और तूफान के बीच दीवार गिर गई। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय स्वामी गांव में 56 वर्षीय शिव भूषण पांडेय उर्फ मुन्नू छत पर सूख रहे कपड़े हटाने गए थे। तभी करीब आठ फीट ऊंची दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत
चौथी घटना अंतू थाना क्षेत्र के छतरपुर शिवाला रघना गांव की है। यहां 44 वर्षीय किसान लाल बहादुर खेत में जानवर चरा रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही दिन में चार लोगों की मौत से पूरे प्रतापगढ़ जिले में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।