जरूरत से ज्यादा वर्कआउट बन सकता है खतरा, शरीर के ये संकेत बताते हैं कि अब आराम की है जरूरत
जानिए जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करने से शरीर को क्या नुकसान हो सकते हैं और कौन से संकेत बताते हैं कि आपकी बॉडी को आराम की जरूरत है।
आजकल फिट रहने और जल्दी वजन कम करने की चाह में लोग घंटों जिम में पसीना बहा रहे हैं। कई लोग मसल्स बनाने और तेजी से फिट दिखने के लिए जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने लगते हैं। हालांकि हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि जरूरत से ज्यादा वर्कआउट शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। खासतौर पर वेट ट्रेनिंग करने वाले लोगों को अपनी बॉडी की क्षमता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ज्यादा वर्कआउट करने से शरीर पर दबाव बढ़ता है और चोट लगने का खतरा भी रहता है। कई बार पुरानी चोट दोबारा उभर सकती है और हार्ट की मांसपेशियों पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में शरीर के संकेतों को समझना बेहद जरूरी हो जाता है।
लगातार थकान और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार वर्कआउट के बाद हल्की थकान और मांसपेशियों में दर्द सामान्य माना जाता है, खासकर जब कोई व्यक्ति नई-नई एक्सरसाइज शुरू करता है। लेकिन अगर आराम करने के बाद भी थकावट बनी रहती है और शरीर में दर्द लगातार महसूस हो रहा है, तो यह ओवरवर्कआउट का संकेत हो सकता है। कई लोगों को मांसपेशियों को छूने पर भी दर्द महसूस होने लगता है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
नींद खराब होना भी शरीर का अलर्ट
सामान्य तौर पर नियमित एक्सरसाइज से अच्छी नींद आती है, लेकिन जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करने पर नींद का पैटर्न बिगड़ सकता है। अगर थकान होने के बावजूद नींद नहीं आ रही, रात में बार-बार नींद खुल रही है या सुबह उठने पर शरीर में सुस्ती महसूस हो रही है, तो यह संकेत हो सकता है कि शरीर पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ रहा है।
चोट जल्दी लगना और रिकवरी में देरी
ज्यादा एक्सरसाइज करने से शरीर को रिकवर होने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। इसके कारण चोट और सूजन लंबे समय तक बनी रह सकती है। अगर हल्की चोटें भी जल्दी ठीक नहीं हो रही हैं, तो यह इस बात का संकेत है कि शरीर को आराम की जरूरत है।
परफॉर्मेंस और मूड में बदलाव को न करें नजरअंदाज
ओवरवर्कआउट का असर सबसे पहले परफॉर्मेंस पर दिखाई देता है। पहले जो वजन आसानी से उठ जाता था, वह भारी लगने लगता है और स्टैमिना भी कम हो जाता है। इसके साथ ही चिड़चिड़ापन, उदासी और ट्रेनिंग में रुचि कम होना भी शरीर और दिमाग पर बढ़ते दबाव का संकेत माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिटनेस के लिए संतुलित वर्कआउट और पर्याप्त आराम दोनों जरूरी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
