NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा… डॉक्टर और फिजिक्स टीचर गिरफ्तार, CBI की ताबड़तोड़ कार्रवाई
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में डॉक्टर और फिजिक्स फैकल्टी की भूमिका सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट ने NTA को फटकार लगाई है। अब 21 जून को NEET UG री-एग्जाम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 22 लाख छात्र शामिल होंगे।
CBI ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में लातूर के डॉक्टर डॉ. मनोज शिरुरे और पुणे के फिजिक्स फैकल्टी तेजस हर्षदकुमार शाह शामिल हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने लीक हुए प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं और जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले को गंभीर मानते हुए NTA, केंद्र सरकार और CBI से जवाब मांगा है।
डॉक्टर और फैकल्टी पर पेपर लीक कराने का आरोप
CBI के अनुसार, डॉ. मनोज शिरुरे ने तीन छात्रों को केमिस्ट्री का लीक पेपर उपलब्ध कराया था। इनमें एक छात्र कोचिंग सेंटर संचालक का बेटा भी बताया जा रहा है। जांच में सामने आया कि यह पेपर आरोपी पी. वी. कुलकर्णी से हासिल किया गया था। वहीं दूसरे आरोपी तेजस शाह पर आरोप है कि उसने गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवालदार से फिजिक्स के लीक प्रश्न हासिल किए थे। तेजस पुणे की डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी में फिजिक्स पढ़ाता है।
मनीषा हवालदार को 6 दिन की CBI कस्टडी
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीषा हवालदार को छह दिन की CBI कस्टडी में भेज दिया है। वह 30 मई तक एजेंसी की हिरासत में रहेगी। CBI का आरोप है कि मनीषा ने फिजिक्स का पेपर लीक कर उसे कई लोगों तक पहुंचाया। जांच एजेंसी ने कोर्ट से कहा कि मामले में अन्य आरोपियों से आमना-सामना कराना और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करना जरूरी है। इसी आधार पर उसकी रिमांड मांगी गई।
सुप्रीम कोर्ट ने NTA को लगाई फटकार
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने NTA को फटकार लगाते हुए कहा कि एजेंसी ने पहले की घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया। अदालत ने केंद्र सरकार, NTA और CBI को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 29 मई को होगी।
21 जून को होगा NEET UG री-एग्जाम
NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब 21 जून को कराई जाएगी। परीक्षा में करीब 22 लाख छात्र शामिल होंगे। छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों ने सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
