8.4 रेटिंग वाली इस सीरीज ने 11 सितारों को बनाया सुपरस्टार, तीन सीजन रहे हिट, अब बड़े पर्दे पर आएगी फिल्म
मिर्ज़ापुर ने भारत में ओटीटी की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया। अब, सीज़न 4 से पहले, निर्माता मिर्ज़ापुर द मूवी को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं।
भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के इतिहास में कुछ ऐसी सीरीज होती हैं जो सिर्फ मनोरंजन नहीं करतीं, बल्कि पूरे इंडस्ट्री का रुख बदल देती हैं। मिर्जापुर ऐसी ही एक क्राइम थ्रिलर सीरीज है, जिसने डिजिटल कंटेंट की दुनिया में नया ट्रेंड सेट किया। साल 2018 में शुरू हुई इस सीरीज ने तीन सफल सीजन पूरे कर लिए हैं और अब दर्शक इसके चौथे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खास बात यह है कि चौथे सीजन से पहले ही इस सीरीज को फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी हो चुकी है।
देसी कंटेंट ने बदला ट्रेंड
‘मिर्जापुर’ ने दिखाया कि देसी कहानियां भी दर्शकों को उतनी ही पसंद आती हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के पूर्वांचल की पृष्ठभूमि, स्थानीय भाषा और यथार्थवादी संवादों ने दर्शकों को गहराई से जोड़ा। इस सीरीज की सफलता के बाद पंचायत, खाकी: बिहार चैप्टर और जामताड़ा जैसी कई सीरीज को भी लोकप्रियता मिली। 8.4 की शानदार आईएमडीब रेटिंग के साथ ‘मिर्जापुर’ ने साबित किया कि दर्शक अब वास्तविक और जमीन से जुड़ी कहानियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
कलाकारों को मिला बड़ा स्टारडम
इस सीरीज ने कई कलाकारों के करियर को नई ऊंचाई दी। पंकज त्रिपाठी का ‘कालीन भैया’ वाला किरदार बेहद लोकप्रिय हुआ। दिव्येंदु शर्मा ने ‘मुन्ना भैया’ के रोल से खास पहचान बनाई। वहीं अली फ़ज़ल‘ गुड्डू पंडित’ और विक्रांत मैसी ‘बबलू पंडित’ के रूप में घर-घर में मशहूर हो गए। यह सीरीज इन कलाकारों के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
छोटे किरदारों ने भी छोड़ी छाप
‘मिर्जापुर’ की खास बात यह रही कि छोटे किरदार भी दर्शकों के दिल में बस गए। अभिषेक बनर्जी ‘कंपाउंडर’ और ‘हथौड़ा त्यागी’ के नाम से मशहूर हुए। आसिफ खान ने ‘बाबर’ के रोल से पहचान बनाई। वहीं रसिका दुगल ने ‘बीना त्रिपाठी’ के किरदार को बेहद शानदार तरीके से निभाया।
नए सीजनों के साथ बढ़ा दायरा
दूसरे और तीसरे सीजन में कहानी और ज्यादा व्यापक हुई। अंजुम शर्मा (शरद शुक्ला) और ईशा तलवार (माधुरी यादव) जैसे कलाकारों ने सीरीज में नई जान डाली। इसके अलावा विजय वर्मा, अमित सियाल और शीबा चड्ढा जैसे कलाकारों ने अपने अभिनय से कहानी को और मजबूत बनाया।
अब फिल्म के रूप में आएगी ‘मिर्जापुर’
‘मिर्जापुर’ ने यह साबित कर दिया है कि दमदार कहानी और मजबूत किरदार किसी भी सीरीज को कल्ट बना सकते हैं। अब दर्शकों के लिए एक और बड़ी खबर है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ को बड़े पर्दे पर रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी और इसके बाद ही ओटीटी पर रिलीज होगी। ऐसे में फैंस के लिए यह डबल ट्रीट साबित होने वाली है, जहां उन्हें फिल्म के साथ-साथ आने वाले सीजन का भी इंतजार रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
