फरसा वाले बाबा को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर की भी मौत… मथुरा हादसे पर बवाल, 13 उपद्रवी गिरफ्तार

मथुरा के कोसीकलां में गौरक्षक चंद्रशेखर की सड़क हादसे में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। अफवाह फैलाकर इसे गौतस्करी से जोड़ने की कोशिश हुई, जिससे बवाल हुआ। पुलिस ने 13 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है और सीसीटीवी से अन्य की पहचान जारी है।

Mar 22, 2026 - 10:32
 0
फरसा वाले बाबा को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर की भी मौत… मथुरा हादसे पर बवाल, 13 उपद्रवी गिरफ्तार

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसीकलां इलाके में हुए सड़क हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस दुर्घटना में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की पहले ही मौत हो चुकी थी। अब पुलिस ने जानकारी दी है कि हादसे में घायल ट्रक चालक ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस ने साफ किया है कि यह पूरी तरह से एक सड़क दुर्घटना थी। हालांकि कुछ अराजक तत्वों ने इसे गौतस्करी और हत्या का रूप देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

घने कोहरे में हुई भीषण टक्कर
यह घटना शुक्रवार रात की है, जब कोसीकलां क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, जिस ट्रक से टक्कर हुई थी, उसका चालक गंभीर रूप से घायल था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। बाबा के साथी की तहरीर पर पुलिस ने एक्सीडेंट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

अफवाह से भड़का बवाल, हाईवे जाम
हादसे के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया और मौके पर अफवाह फैलाई कि यह मामला गौतस्करी या हत्या से जुड़ा है। इसके चलते उग्र भीड़ इकट्ठा हो गई और नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने जिले में सेक्टर स्कीम लागू कर दी है।

13 उपद्रवी गिरफ्तार, CCTV से पहचान जारी
मथुरा पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दक्ष चौधरी नाम का युवक भी शामिल है, जो मथुरा के बाहर का रहने वाला है। वह अपने साथियों के साथ फरसा बाबा के आश्रम पहुंचकर अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा था। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि अन्य उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना सत्य जानकारी के सोशल मीडिया पर कुछ भी साझा न करें। पुलिस की डिजिटल टीम लगातार निगरानी कर रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।