लखनऊ यूनिवर्सिटी में पेपर लीक ऑफर का ऑडियो वायरल, छात्रा से अभद्र बातचीत में प्रोफेसर पर बड़ा आरोप
लखनऊ विश्वविद्यालय के एक सहायक प्रोफेसर विवादों में घिर गए हैं, जब एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई जिसमें कथित तौर पर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक करने की बात कही गई है और एक छात्र के प्रति अनुचित टिप्पणी की गई है। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश की लखनऊ विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार मामला विश्वविद्यालय के एक असिस्टेंट प्रोफेसर के वायरल ऑडियो से जुड़ा है। वायरल ऑडियो में जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह एक छात्रा से कथित तौर पर अश्लील बातचीत करते हुए और परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक कराने का ऑफर देते हुए सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है। छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
छात्रा पर छुट्टी से लौटने का दबाव
जानकारी के अनुसार वायरल ऑडियो में असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह एक बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा से छुट्टी छोड़कर जल्दी वापस आने का दबाव बना रहे हैं। बातचीत में प्रोफेसर कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “एग्जाम से पहले घर से आ जाओ, पेपर दे देंगे” और “तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है।” इतना ही नहीं, ऑडियो में अभद्र भाषा के इस्तेमाल की भी बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर छात्रा को अपने केबिन में आने के लिए भी कह रहे थे और हर तरह से मदद करने का भरोसा दे रहे थे।
छात्रा ने पेपर देखने से किया इनकार
ऑडियो के अनुसार छात्रा ने प्रोफेसर की बातों को साफ तौर पर ठुकरा दिया। उसने कहा कि उसे कोई पेपर नहीं देखना है क्योंकि उसकी पढ़ाई पूरी हो चुकी है। इस घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है। बाद में उसने पूरे मामले की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी, जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस जांच और छात्रों का प्रदर्शन
मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों में भारी नाराजगी देखी गई। छात्रों ने प्रॉक्टर ऑफिस का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। उन्होंने आरोपी शिक्षक के तत्काल निलंबन और सख्त कार्रवाई की मांग की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हसनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रोफेसर ने आरोपों को बताया साजिश
हिरासत में लिए जाने से पहले परमजीत सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय की आंतरिक राजनीति के कारण उन्हें फंसाया जा रहा है।
जांच के लिए बनी विशेष कमेटी
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने मामले की जांच के लिए इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (ICC) को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। प्रशासन ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि संस्थान की गरिमा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी मामले में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
