लखनऊ पीजीआई में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, कुख्यात लुटेरा गिरफ्तार

लखनऊ के पीजीआई इलाके में मुठभेड़: पुलिस ने गोलीबारी के बाद कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार किया। आरोपी मोबाइल छीनने की घटनाओं में शामिल था, एक साथी फरार है।

Mar 23, 2026 - 15:26
 0
लखनऊ पीजीआई में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, कुख्यात लुटेरा गिरफ्तार

लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। रायबरेली रोड स्थित वृंदावन सेक्टर-14 में गश्त कर रही पुलिस टीम का सामना बाइक सवार दो बदमाशों से हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस कार्रवाई में एक कुख्यात बदमाश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी ने 36 घंटे के भीतर दो महिलाओं से मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशियाना के मोहम्मदी नगर निवासी 25 वर्षीय अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर के रूप में हुई है। वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र कुमार सिंह और एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल की टीम गश्त कर रही थी, तभी नहर के पास संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। रोकने पर दोनों भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अर्जुन के पैर में गोली लग गई।

36 घंटे में दो महिलाओं से लूट, फैलाई दहशत
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर शुक्रवार को सेनानी विहार इलाके में एक महिला प्रीति से मोबाइल छीन लिया था। इसके अलावा 36 घंटे के अंदर उसने एक और महिला को निशाना बनाया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में डर का माहौल बन गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी।

मौके से हथियार और सामान बरामद, साथी फरार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से बिना नंबर की पल्सर बाइक, एक अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश की तलाश जारी है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।