लखनऊ हत्याकांड बहू ने प्रेमी संग मिलकर सास की हत्या, CCTV बंद कर रची साजिश, स्निफर डॉग से खुला राज
लखनऊ में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर उसकी सास की हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज और खोजी कुत्तों की मदद से पुलिस ने मामले को सुलझा लिया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 36 साल की एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी 69 वर्षीय सास की हत्या कर दी। आरोप है कि सास उनके रिश्ते का विरोध करती थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों ने पहले घर का CCTV बंद किया, फिर हाथ-पैर बांधकर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की साजिश और CCTV बंद कर वारदात
पुलिस के अनुसार, आरोपी बहू रंजना वर्मा और उसका प्रेमी राजन शर्मा पिछले 4 साल से संबंध में थे। राजन उसी घर में किराए पर रहता था। सास निर्मला देवी इस रिश्ते का विरोध करती थीं। इसी कारण दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। शनिवार को पति और बेटा काम पर चले गए, तब दोनों ने घर का CCTV बंद कर दिया और निर्मला देवी के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर गला दबा दिया। इसके बाद दोनों कार से घर से निकल गए और कुछ दूर जाकर मोबाइल से CCTV दोबारा चालू कर दिया।
पोते के आने से खुला मामला
शाम करीब 4 बजे पोता आदित्य घर लौटा और कमरे में दादी को बंधे हुए हालत में देखा। उसने शोर मचाया, तब पड़ोसी आए और देखा कि उनकी मौत हो चुकी है। उसने तुरंत पिता और मां को फोन किया। इस पर रंजना और राजन घबरा गए और वापस घर लौट आए। घर पहुंचकर रंजना रोने का नाटक करने लगी और लूट के बाद हत्या की बात कहने लगी।
CCTV और डॉग स्क्वायड से खुली पोल
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के अंदर का CCTV दोपहर 2 से 4 बजे तक बंद मिला, जिससे शक गहरा गया। बाहर के कैमरों में बहू को प्रेमी के साथ जाते देखा गया। डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा और सूंघते हुए सीधे राजन के पास जाकर रुक गया। इससे पुलिस का शक पक्का हो गया और दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
सख्ती से पूछताछ करने पर राजन ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि दोनों का अफेयर था और सास इसके खिलाफ थीं। इसी वजह से हत्या की योजना बनाई गई। पुलिस ने मृतका के बेटे त्रिदेश वर्मा की शिकायत पर बहू रंजना और राजन के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
परिवार और घटना की पूरी पृष्ठभूमि
निर्मला देवी अपने बेटे, बहू और पोते-पोतियों के साथ निशातगंज में रहती थीं। उनके पति की दो साल पहले मौत हो चुकी थी। घर की पहली मंजिल पर कई किराएदार रहते थे, जिनमें राजन भी शामिल था। परिवार के मुताबिक, रंजना और राजन के रिश्ते को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। बड़ी बेटी अंशिका ने भी बताया कि दादी इस रिश्ते का विरोध करती थीं, जिससे घर में झगड़े होते रहते थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
