खेत में बिछे करंट वाले तार से युवक की मौत, सबूत छिपाने के लिए शव डैम में फेंका
जानवरों को फंसाने के लिए बिछाई गई बिजली की तार के संपर्क में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए शव को एक बांध में फेंक दिया गया।
कुंडम थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। डैम से बरामद युवक के तार से बंधे शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने बताया कि यह कोई हत्या नहीं, बल्कि खेत में जानवर पकड़ने के लिए बिछाए गए करंट वाले तार से हुई दर्दनाक मौत का मामला है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय कपिल तेमरे के रूप में हुई है। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद घबराए आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए शव को तार से बांधकर, कंबल और भारी पत्थरों में लपेटकर सिल डैम में फेंक दिया था।
जानवर पकड़ने के लिए बिछाया गया था करंट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने खेत में जंगली जानवरों को फंसाने के लिए जीआई तार बिछाया था, जिसमें बिजली का करंट दौड़ा रखा गया था। 30 जनवरी को कपिल तेमरे खेत की ओर गया था। इसी दौरान वह अनजाने में उस करंट वाले तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक था कि आरोपियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सबूत छिपाने के लिए रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने डर के कारण पुलिस को सूचना देने के बजाय सबूत मिटाने का रास्ता चुना। उन्होंने कपिल के शव को उसी जीआई तार से बांधा, फिर कंबल में लपेटा और भारी पत्थरों के साथ सिल डैम में फेंक दिया, ताकि शव पानी में डूबा रहे और किसी को शक न हो।
गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद खुला राज
कपिल 30 जनवरी को घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रविवार को कुंडम थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मंगलवार को डैम से एक शव मिलने की सूचना मिली। जब पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो वह तार से बंधा हुआ और पत्थरों में लिपटा मिला। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की गई।
छह आरोपी बनाए गए, एक साथी बचा
पुलिस ने इस मामले में घूघरा गांव के लमन सिंह कडोपा (32), राजू सिंह उदे (41), रामकुमार उर्फ मुन्ना मरावी (32), गुलजार सिंह बरकड़े (39), भग सिंह मार्को (38) और महेंद्र सिंह (40) को आरोपी बनाया है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय कपिल के साथ उसका साथी दीपू कडोपा भी मौजूद था। वह भी करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गया था, लेकिन उसकी जान बच गई। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0