गैस संकट के बीच अलर्ट मोड में सरकार… PM मोदी ने मंत्रियों को दिया बड़ा निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर रखें कड़ी नजर

ईरान में जंग के बीच गैस किल्लत को लेकर भारत में चिंता बढ़ी। पीएम मोदी ने मंत्रियों को अफवाहों पर नजर रखने और हालात पर सतर्क रहने के निर्देश दिए, जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य से भारत को बड़ी कूटनीतिक राहत मिली।

Mar 12, 2026 - 09:53
 0
गैस संकट के बीच अलर्ट मोड में सरकार… PM मोदी ने मंत्रियों को दिया बड़ा निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर रखें कड़ी नजर

ईरान में जारी जंग का असर अब दुनिया के कई देशों के साथ-साथ भारत पर भी दिखाई देने लगा है। देश के कई हिस्सों में गैस की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है और एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इस स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि कुछ लोग मौजूदा हालात को लेकर देश में घबराहट फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संभावित संकट से निपटने के लिए भारत की तैयारियां मजबूत हैं और सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मंत्रियों को सतर्क रहने और अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने मंत्रियों से कहा कि ईरान संकट को देखते हुए देश के अंदर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ लोग हालात को घबराहट का माहौल बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे लोगों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को यह भी निर्देश दिया कि वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे प्रचार का आक्रामक तरीके से जवाब दें। उनका कहना था कि जनता तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाना बहुत जरूरी है, ताकि किसी तरह की भ्रम या डर की स्थिति न बने।

प्रधानमंत्री ने कहा – भारत की तैयारी मजबूत
बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें किसी भी तरह के प्रचार का जवाब आत्मविश्वास के साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा, यह ऐसी स्थिति है जो केवल एक देश तक सीमित नहीं है बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि संभावित संकट को लेकर भारत की तैयारियां मजबूत हैं। कई पड़ोसी देशों और अन्य देशों की तुलना में भारत की तैयारी बेहतर है। इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

तमिलनाडु रैली में भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भी लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही थी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए की रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही एलपीजी संकट से निपटने के लिए कदम उठा रही है। कमर्शियल एलपीजी की कमी से देश का होटल और रेस्टोरेंट क्षेत्र काफी प्रभावित हुआ है। ऐसे में प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे केवल सही और सत्यापित जानकारी ही साझा करें, ताकि अफवाहों से बचा जा सके।

होर्मुज जलडमरूमध्य से भारत को मिली राहत
इसी बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते अंतरराष्ट्रीय नौवहन को रोकने या बाधित करने की कोशिशों के बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची के साथ इस मुद्दे पर उच्च स्तरीय बातचीत की। बातचीत के बाद ईरान भारत के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य का रास्ता खोलने के लिए तैयार हो गया है। अब ईरान भारत के झंडे वाले टैंकरों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति देगा। मिली जानकारी के अनुसार भारत के दो टैंकर पुष्पक और परिमल इस जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर रहे हैं, जिससे भारत को ऊर्जा आपूर्ति के मामले में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।