लंदन की नौकरी छोड़ी, भ्रष्टाचार पर चलाया हंटर... अब देवरिया की लेडी सिंघम का अचानक तबादला, क्या बन गई थी सियासी रोड़ा?
Divya Mittal: देवरिया की डीएम दिव्या मित्तल का ट्रांसफर कर उन्हें राजस्व परिषद में विशेष सचिव बनाया गया है। उनकी जगह मधुसूदन हुगली नए डीएम बने हैं। सख्त छवि और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के कारण वह चर्चा में रहीं। उनके तबादले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।
Deoria DM News: उत्तर प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत देवरिया की चर्चित जिलाधिकारी दिव्या मित्तल को उनके पद से हटा दिया गया है। उन्हें अब राजस्व परिषद में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह मधुसूदन हुगली को देवरिया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। यह बदलाव 38 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर की सूची का हिस्सा है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। दिव्या मित्तल अपने सख्त फैसलों, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती रही हैं।
सख्त छवि और विवादों में रहा कार्यकाल
2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के लिए मशहूर हैं। देवरिया में उनके कार्यकाल के दौरान कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच टकराव की खबरें सामने आईं। जुलाई 2025 की दिशा बैठक में उनका एक बयान काफी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि कोई भी जनप्रतिनिधि ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए अधिकारियों पर दबाव नहीं बना सकता।
अवैध कब्जों पर कड़ा एक्शन
दिव्या मित्तल ने देवरिया में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। उन्होंने लापरवाह लेखपालों और कानूनगो को जेल भेजने तक की चेतावनी दी थी। इसके अलावा, उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें वह अधिकारियों को जनता के साथ सही व्यवहार करने की सलाह देती नजर आईं। इससे उनकी छवि एक सख्त और ईमानदार अधिकारी की बनी।
क्या सियासी वजहों से हुआ ट्रांसफर?
माना जा रहा है कि उनकी बेबाक कार्यशैली स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में फिट नहीं बैठ रही थी। इसी कारण उनका ट्रांसफर समय से पहले कर दिया गया। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया जा रहा है। उनके तबादले के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे सामान्य प्रक्रिया मान रहे हैं, तो कुछ इसे ईमानदार अधिकारी पर दबाव का नतीजा बता रहे हैं।
लंदन की नौकरी छोड़कर बनी थीं आईएएस
दिव्या मित्तल ने लंदन में अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़कर देश सेवा के लिए आईएएस बनने का फैसला किया था। इससे पहले मिर्जापुर में भी उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत अच्छा काम किया था, लेकिन वहां भी प्रोटोकॉल विवाद के चलते उनका ट्रांसफर हुआ था। अब देवरिया से उनके हटने को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
