गैस कनेक्शन कट जाएगा कहकर बुजुर्ग महिला को डराया, ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने उड़ा दिए 21 लाख

ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर 61 वर्षीय महिला से 11 ट्रांजैक्शन में करीब 21 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mar 16, 2026 - 11:49
 0
गैस कनेक्शन कट जाएगा कहकर बुजुर्ग महिला को डराया, ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने उड़ा दिए 21 लाख

देशभर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर चल रहे संकट और तरह-तरह की अफवाहों के बीच साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में रहने वाली 61 वर्षीय महिला से ठगों ने गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर करीब 21 लाख रुपये ठग लिए। यह रकम उनके बैंक खाते से 11 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए निकाली गई। घटना सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

आईजीएल कर्मचारी बनकर किया फोन
जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में रहने वाली गुजीब कालरा के मोबाइल फोन पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को आईजीएल गैस कंपनी का कर्मचारी बताया। उसने महिला से कहा कि उनके गैस कनेक्शन से जुड़ा बिल बकाया है और अगर तुरंत भुगतान नहीं किया गया तो उनका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। यह सुनकर बुजुर्ग महिला घबरा गई और कॉल करने वाले व्यक्ति की बातों पर भरोसा कर बैठीं।

लिंक भेजकर ली बैंक की जानकारी
आरोपी ने महिला को एक लिंक भेजा और कहा कि इसी लिंक के जरिए तुरंत गैस बिल का भुगतान कर दें, जिससे उनका गैस कनेक्शन बंद नहीं होगा। महिला ने जैसे ही उस लिंक को खोला, उसमें बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भरने का विकल्प सामने आया। बिना ज्यादा सोचे-समझे महिला ने लिंक में मांगी गई जानकारी भर दी। जैसे ही यह जानकारी भरी गई, साइबर ठगों को उनके बैंक खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी मिल गई। इसके बाद ठगों ने तुरंत अलग-अलग ट्रांजैक्शन करना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में कुल 11 बार में महिला के खाते से करीब 21 लाख रुपये निकाल लिए गए।

बैंक मैसेज से हुआ ठगी का पता
कुछ देर बाद महिला के मोबाइल फोन पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। लगातार पैसे निकलने के मैसेज देखकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन और पुलिस से संपर्क किया। पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। साइबर सेल के थाना प्रभारी विजय राणा ने बताया कि 61 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस ठगी के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।