फतेहपुर में तूफान का कहर: अलग-अलग हादसों में 8 की मौत, 16 घायल, कई गांवों में मची तबाही
फतेहपुर में तेज आंधी और तूफान ने मचाई तबाही। अलग-अलग हादसों में 8 लोगों की मौत और 16 घायल। कई गांवों में दीवार और पेड़ गिरने से बड़ा नुकसान।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में अब तक 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 16 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण कई जगह दीवारें गिर गईं और पेड़ धराशायी हो गए। सबसे ज्यादा नुकसान खागा कोतवाली क्षेत्र में हुआ, जहां पांच महिलाओं की मौत की खबर सामने आई है। हादसों के बाद पूरे जिले में दहशत और मातम का माहौल है। प्रशासन की टीमों को सभी घटनाओं की जानकारी दे दी गई है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है। घायल लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में कराया जा रहा है।
खागा क्षेत्र में सबसे बड़ा हादसा
फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र में तूफान के दौरान सबसे बड़ा हादसा हुआ। यहां तेज आंधी और तूफान के चलते पांच महिलाओं की मौत हो गई। अचानक आई तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सदर तहसील में दीवार गिरने से महिला की मौत
सदर तहसील क्षेत्र में तेज तूफान के दौरान एक दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के कई लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी को बाहर निकाला। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक मासूम समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुल्तानपुर घोष और सिमौरी गांव में भी हादसे
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मांडवा गांव में तेज तूफान के दौरान एक बुजुर्ग पक्की दीवार के नीचे दब गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं सिमौरी गांव में पेड़ गिरने से एक महिला की जान चली गई। इन घटनाओं के बाद गांवों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
हथगांव क्षेत्र में भी गई दो लोगों की जान
हथगांव थाना क्षेत्र में भी आंधी-तूफान ने कहर बरपाया। यहां किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है।
(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
