गैंगरेप पीड़िता का मंगेतर बना सहारा, मंदिर में रचाई शादी, समाज को दिया सच्चे प्रेम का संदेश

फतेहपुर सामूहिक बलात्कार पीड़िता ने खागा के ताम्बेश्वर मंदिर में अपने मंगेतर से शादी की। दूल्हा उसके साथ खड़ा रहा और सच्चे प्यार और सम्मान का सशक्त संदेश दिया।

May 11, 2026 - 11:02
 0
गैंगरेप पीड़िता का मंगेतर बना सहारा, मंदिर में रचाई शादी, समाज को दिया सच्चे प्रेम का संदेश

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है। खागा कोतवाली क्षेत्र में गैंगरेप की शिकार हुई युवती के मंगेतर ने मुश्किल समय में उसका साथ नहीं छोड़ा और मंदिर में शादी कर समाज के सामने मिसाल पेश की। घटना के बाद जहां पीड़िता मानसिक रूप से टूट चुकी थी, वहीं उसके मंगेतर ने उसे सम्मान के साथ अपनाकर सच्चे प्रेम का अर्थ समझाया। दोनों ने फतेहपुर शहर के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ तांबेश्वर मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर विवाह किया। इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग युवक के फैसले की सराहना कर रहे हैं।

24 अप्रैल को हुई थी दर्दनाक घटना
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को युवती अपनी बुआ के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीन आरोपियों ने उसे जबरन बंधक बना लिया और उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस घटना के बाद पीड़िता और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।

मंगेतर ने नहीं छोड़ा साथ
घटना के बाद समाज में तरह-तरह की बातें होने लगीं, लेकिन युवती के मंगेतर ने उसका साथ नहीं छोड़ा। उसने परिवार की सहमति से पीड़िता को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। दोनों ने तांबेश्वर मंदिर पहुंचकर एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और साथ निभाने की कसम खाई। मंदिर में भगवान शंकर को साक्षी मानकर दोनों ने विवाह संपन्न किया। हालांकि शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, लेकिन दोनों कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। वहीं परिवार वालों ने कहा कि वे पुराने दर्द को याद नहीं करना चाहते। उनके अनुसार अब दोनों खुश हैं और नई जिंदगी की शुरुआत कर चुके हैं।

समाज को मिला बड़ा संदेश
इस विवाह को लोग सच्चे प्रेम और विश्वास की मिसाल बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग युवक की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सच्चा प्रेम परिस्थितियों का मोहताज नहीं होता। जिस लड़की को समाज सवालों के घेरे में खड़ा कर देता है, उसे सम्मान के साथ अपनाना ही असली साहस और इंसानियत है।

(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।