तमिलनाडु में कांग्रेस समर्थित सरकार बनने पर कांग्रेस कार्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई
तमिलनाडु में कांग्रेस समर्थित गठबंधन सरकार बनने पर कांग्रेस कार्यालय में जश्न मनाया गया। नेताओं ने राहुल गांधी के फैसले की सराहना करते हुए भाजपा और राज्यपाल की भूमिका पर सवाल उठाए।
तमिलनाडु में कांग्रेस समर्थित गठबंधन सरकार बनने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखने को मिली। इसी खुशी के मौके पर कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने इसे लोकतंत्र और जनता की जीत बताया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी और राज्यपाल की भूमिका पर भी सवाल उठाए। नेताओं का कहना था कि तमिलनाडु में सरकार गठन के दौरान संवैधानिक परंपराओं का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी द्वारा थलपति विजय की पार्टी को समर्थन देने के फैसले की भी सराहना की।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लगाए आरोप
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि तमिलनाडु में सरकार गठन के दौरान राज्यपाल का रवैया सवालों के घेरे में रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम में भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक साजिश साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने थलपति विजय की पार्टी को समर्थन देकर भाजपा की रणनीति का करारा जवाब दिया है। उनके मुताबिक यह फैसला जनता की भावनाओं के अनुरूप था।
राज्यपाल की भूमिका पर उठे सवाल
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि तमिलनाडु के राज्यपाल ने सरकार गठन की प्रक्रिया में अनावश्यक अड़चनें पैदा कीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव के बाद सबसे बड़े दल या गठबंधन को पहले सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए और फिर सदन में बहुमत साबित करने का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक परंपराओं का पालन हर हाल में जरूरी है।
युवा नेतृत्व को मिला अवसर
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने तमिलनाडु में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि थलपति विजय को समर्थन देकर कांग्रेस ने नई सोच और नई दिशा को मौका दिया है। इससे राज्य की जनता को बेहतर नेतृत्व मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। सभी ने लोकतंत्र की मजबूती और कांग्रेस नेतृत्व की सराहना की। इस मौके पर पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, कवींद्र साहनी, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अशोक कुमार राय, विजय श्रीवास्तव, अशोक शर्मा, कल्लू शर्मा, चंचल सोनकर, राजकुमार पांडे और प्रवीन श्रीवास्तव समेत कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।
(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
