7 करोड़ के शिक्षा घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, राजधानी समेत कई जिलों में हुई छापेमारी, अमेठी में 8 टीमों ने खंगाले रिकॉर्ड 

उत्तर प्रदेश के चर्चित 7 करोड़ रुपये के शिक्षा घोटाले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद अमेठी समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी की गई। कई लोगों से घंटों पूछताछ हुई, जबकि जांच अब उन खातों तक पहुंच चुकी है, जहां सरकारी धन ट्रांसफर होने का आरोप है। आखिर इस घोटाले की परतें कितनी गहरी हैं और जांच किस दिशा में बढ़ रही है...

Jun 17, 2026 - 14:50
Jun 17, 2026 - 14:50
 0
7 करोड़ के शिक्षा घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, राजधानी समेत कई जिलों में हुई छापेमारी, अमेठी में 8 टीमों ने खंगाले रिकॉर्ड 

उत्तर प्रदेश के चर्चित सात करोड़ रुपये से अधिक के बेसिक शिक्षा विभाग घोटाले की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। हाईकोर्ट के निर्देश पर मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद CBI ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। अकेले अमेठी में सीबीआई की आठ अलग-अलग टीमें दिनभर जांच और पूछताछ में जुटी रहीं।

डीआईजी शिवानी तिवारी की निगरानी में हुई कार्रवाई
ये पूरी कार्रवाई सीबीआई की डीआईजी शिवानी तिवारी की निगरानी में की जा रही है। अमेठी पहुंची टीमों ने लोधवरिया, पूरे यदुराम पांडेय समेत जिले के कई गांवों में पहुंचकर मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की। जांच एजेंसी उन व्यक्तियों और खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनके माध्यम से सरकारी धन के लेन-देन का संदेह है।

क्या है ये करोड़ों रुपये के गबन का मामला?
यह मामला अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में सात करोड़ रुपये से अधिक के कथित वित्तीय घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि विभाग में तैनात कुछ कर्मचारियों ने सरकारी धन का बड़े पैमाने पर हेरफेर किया और रकम विभिन्न शिक्षकों एवं अन्य खातों में स्थानांतरित कर दी। अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद लेखाधिकारी की शिकायत पर गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने इसकी जांच सीबीआई को सौंपने के निर्देश दिए थे। हाल ही में जांच अपने हाथ में लेने के बाद एजेंसी ने दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की समीक्षा शुरू की थी। अब उसी कड़ी में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ कार्रवाई कर सबूत जुटाए जा रहे हैं।

गौरीगंज कोतवाली पहुंची टीम, पुलिस से भी ली जानकारी
सीबीआई की एक टीम गौरीगंज कोतवाली भी पहुंची, जहां अधिकारियों ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और दर्ज एफआईआर की जानकारी ली। जांच एजेंसी स्थानीय पुलिस से अब तक की कार्रवाई और उपलब्ध साक्ष्यों का भी ब्योरा जुटा रही है। अमेठी के अलावा सीबीआई की अन्य टीमें लखनऊ, अयोध्या, प्रतापगढ़ और कुशीनगर में भी छापेमारी कर रही हैं। जांच एजेंसी उन सभी लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिनका नाम या बैंक खाते इस कथित घोटाले की जांच में सामने आए हैं।

रिपोर्ट-: बृजेश मिश्रा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0