हर मोर्चे पर फेल हुई बाराबंकी पुलिस, 14 दिन बाद भी अधिवक्ता हत्याकांड का खुलासा नहीं

कई बार जांच और संदिग्धों से पूछताछ के बावजूद, बाराबंकी पुलिस 14 दिनों के बाद भी अधिवक्ता शोएब किदवई हत्याकांड को सुलझाने में विफल रही है।

Feb 26, 2026 - 16:14
 0
हर मोर्चे पर फेल हुई बाराबंकी पुलिस, 14 दिन बाद भी अधिवक्ता हत्याकांड का खुलासा नहीं

बाराबंकी जिले में अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की हत्या के 14 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। जिले के तमाम अधिवक्ताओं ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गईं। पुलिस ने दावा किया कि उसने हर पहलू पर काम किया और पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ सका है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली और उसकी तकनीकी क्षमता पर सवाल उठने लगे हैं।

13 फरवरी 2026 को हुई थी हत्या
13 फरवरी 2026 को सफेदाबाद क्षेत्र के असैनी मोड़ के पास मुख्तार अंसारी के करीबी रहे अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही जिले के कई इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। स्थानीय बदमाशों को शक के दायरे में रखकर उनसे पूछताछ की गई।

संदिग्धों से पूछताछ, फिर भी नहीं मिला सुराग
जानकारी के अनुसार पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपराधियों की कुंडली खंगालनी शुरू की। कई कुख्यात सूचीबद्ध बदमाशों के गुर्गों से भी पूछताछ की गई, परंतु हत्यारों तक पहुंचने में पुलिस नाकाम रही। पुलिस ने मोबाइल फोन टॉवर के आसपास सक्रिय नंबरों की भी जांच की, लेकिन इससे भी कोई ठोस सुराग नहीं मिला। जब भी इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल किया गया, उनका एक ही जवाब रहा कि पुलिस की टीमें सरगर्मी से काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। हालांकि 14 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

पहले भी अनसुलझे रहे हैं बड़े मामले
यह पहली बार नहीं है जब पुलिस किसी चर्चित मामले को सुलझाने में असफल रही हो। इससे पहले लखनऊ में एक दिसंबर 2017 को मारे गए मोहम्मद तारिक और पांच मार्च 2016 को मुन्ना बजरंगी के साले पुष्प जीत सिंह की हत्या के मामले भी अब तक पूरी तरह सुलझ नहीं सके हैं। इन मामलों के हत्यारे भी आज तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।