बदायूं में कच्छा-बनियान गैंग का आतंक, एक रात में 5 घरों में डकैती… महिलाओं को पीटा, लाखों की लूट

बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में कच्छा-बनियान गिरोह ने एक ही रात में 5 घरों में डकैती कर दहशत फैला दी। हथियारबंद बदमाशों ने परिवारों को बंधक बनाकर मारपीट की और लाखों की नकदी-जेवर लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चार टीमें गठित की हैं।

May 20, 2026 - 12:43
 0
बदायूं में कच्छा-बनियान गैंग का आतंक, एक रात में 5 घरों में डकैती… महिलाओं को पीटा, लाखों की लूट

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में कच्छा-बनियान गिरोह ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक के बाद एक पांच घरों को निशाना बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घरों में घुसकर परिवार के लोगों को बंधक बनाया, महिलाओं समेत कई लोगों को बेरहमी से पीटा और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। एक ही रात में मुस्तफाबाद और सिठौली गांव में हुई इन वारदातों से पूरे इलाके में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।

हथियार लेकर घर में घुसे बदमाश
मुस्तफाबाद गांव निवासी निजाकत पुत्र मोहम्मद नवी के घर देर रात करीब 8 से 10 बदमाश दीवार फांदकर घुस आए। बदमाश कच्छा-बनियान पहने हुए थे और उनके हाथों में तमंचे, लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। घर में घुसते ही उन्होंने पूरे परिवार को बंधक बना लिया और अलमारी व बक्सों की चाबियां मांगने लगे। जब परिवार के लोगों ने विरोध किया तो बदमाशों ने जमकर मारपीट की। इस घटना में निजाकत, मिस्किन, फिजा, शबनम, नाजिश और अल्तमश घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब आठ तोला सोना, ढाई से तीन किलो चांदी और लगभग 1.25 लाख रुपये नकद लूटकर ले गए।

पंडित जी कहकर बुला रहे थे साथी
परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि गिरोह का एक सदस्य जनेऊ पहने हुए था। बाकी बदमाश उसे पंडित जी कहकर बुला रहे थे। पुलिस अब इस जानकारी के आधार पर गिरोह की पहचान और उसके नेटवर्क की जांच कर रही है।

सिठौली गांव में भी कई घरों को बनाया निशाना
कच्छा-बनियान गिरोह ने सिठौली गांव में भी कई घरों में चोरी और डकैती की। कृष्णा पत्नी हरचरण जाटव के घर से जेवर चोरी किए गए, जबकि प्रेमपाल जाटव के घर से नकदी और कीमती सामान ले जाया गया। इसके अलावा श्याम सिंह और कुलदीप यादव के घरों में भी बदमाश घुस गए। हालांकि शोर सुनकर कुलदीप यादव जाग गए, जिसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। वहीं मुकेश कुमार के घर से मंगलसूत्र, पायल समेत कई आभूषण चोरी कर लिए गए। ग्रामीणों के मुताबिक रात एक बजे से तीन बजे के बीच लगातार पांच घरों में वारदात हुई।

जांच में जुटी पुलिस, बनाई गईं 4 टीमें
घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस के अलावा बिल्सी और उघैती थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। सीओ बिल्सी केके तिवारी और एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का मानना है कि बदमाश पहले से इलाके की रेकी कर चुके थे और उन्हें घरों की पूरी जानकारी थी। एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर चार टीमें बनाई गई हैं। साथ ही सर्विलांस और एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी भारतीय पत्रकार, कंटेंट राइटर, एंकर और मीडिया प्रोफेशनल हैं। वे डिजिटल पत्रकारिता, ग्राउंड रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने Zee News, Suman TV और UP News Network जैसे मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर आधारित डिजिटल कंटेंट और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। प्रारंभिक जीवन और शिक्षा अश्वनी तिवारी का जन्म 4 फरवरी 1997 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भेलूपुर, वाराणसी से प्राप्त की। हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उन्होंने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से स्नातक (B.A.) की डिग्री प्राप्त की तथा आगे चलकर मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पूरी की। अश्वनी तिवारी ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कंटेंट राइटिंग और डिजिटल मीडिया से की। उन्होंने 10 दिसंबर 2023 से 15 मार्च 2024 तक India Watch, लखनऊ में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल मीडिया कंटेंट पर कार्य किया। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2024 से 9 जुलाई 2024 तक Zee News, नोएडा में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की। इस दौरान वे न्यूज़ स्क्रिप्ट, डिजिटल कंटेंट और मीडिया रिसर्च से जुड़े रहे। अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2025 तक उन्होंने Suman TV, हैदराबाद में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। यहां उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार किए। वर्तमान में UP News Network से सब एडिटर के रूप में जुड़े, जहां उन्होंने कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग का कार्य किया। इस दौरान वे ‘खरी खोटी’ नामक विशेष शो का भी हिस्सा रहे। उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग तथा वीडियो प्रस्तुति की। वर्तमान में अश्वनी तिवारी मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अश्वनी तिवारी डिजिटल पत्रकारिता और न्यूज़ प्रोडक्शन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी विशेषज्ञता कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया आधारित न्यूज़ प्रस्तुति में मानी जाती है।