बंगाल में भाजपा सरकार का बड़ा कैबिनेट विस्तार, 35 नए मंत्रियों ने ली शपथ, 41 सदस्यीय हुआ मंत्रिमंडल
Suvendu Adhikari Cabinet Expansion: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का बड़ा कैबिनेट विस्तार हुआ। 35 नए मंत्रियों ने शपथ ली, जिसके बाद मंत्रिमंडल की कुल संख्या 41 हो गई। क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश के साथ अब विभागों के बंटवारे पर नजरें टिकी हैं।
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली राज्य की पहली भाजपा सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार सोमवार को राजभवन (लोकभवन) में भव्य और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। वंदे मातरम और राष्ट्रगान की गूंज के बीच राज्यपाल आर. एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस बड़े विस्तार के बाद शुभेंदु अधिकारी मंत्रिमंडल की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस विस्तार के जरिए भाजपा ने पश्चिम बंगाल में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की है, जो पार्टी की लंबी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
कई वरिष्ठ नेताओं को मिली कैबिनेट में जगह
कैबिनेट विस्तार में कई प्रमुख नेताओं को पूर्ण कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इनमें दीपक बर्मन, तापस राय, डॉ. शंकर घोष, मनोज कुमार उरांव, अर्जुन सिंह, गौरी शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, अजय पोद्दार, शारद्वत मुखर्जी, दूध कुमार मंडल और अनूप कुमार दास शामिल हैं। वहीं डॉ. इंद्रनील खां, मालती राभा राय और राजेश महतो को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा जुएल मुर्मू, हरे कृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नादिया चंद बाउड़ी, विशाल लामा, शांतनु प्रमाणिक, मौमिता विश्वास मिश्रा, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, अमिय किस्कू, कलिता माजी, गार्गी दास घोष, बिराज विश्वास, दीपांकर जाना और सुमना सरकार ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर खास ध्यान
मंत्रिमंडल विस्तार का विश्लेषण करने पर साफ दिखाई देता है कि भाजपा ने उन वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है, जिन्होंने राज्य में पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। माना जा रहा है कि उत्तर बंगाल, जंगलमहल और दक्षिण बंगाल के राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर मंत्रियों का चयन किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में अधिकांश मंत्री पारंपरिक बंगाली परिधान ‘धोती-पंजाबी’ (कुर्ता) में नजर आए। इसे भाजपा की ओर से बंगाल की संस्कृति, परंपरा और क्षेत्रीय पहचान के प्रति सम्मान के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
अब विभागों के बंटवारे पर सबकी नजर
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय अग्निमित्रा पाल, दिलीप घोष, निशीथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडु ने मंत्री पद संभाला था। अब इस बड़े विस्तार के बाद सभी नए मंत्री राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ पहुंचेंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज ही मंत्रिपरिषद की पहली बैठक की अध्यक्षता करेंगे और विभागों का आधिकारिक बंटवारा करेंगे। माना जा रहा है कि विभागों के आवंटन में भी क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
