‘धुरंधर’ में चमके राकेश बेदी, टीवी से फिल्मों तक हर किरदार में जीती दर्शकों का दिल
राकेश बेदी धुरंधर 2 में जमील जमाली के रूप में चमके हैं। जानिए TMKOC, कुबूल है से लेकर मशहूर बॉलीवुड भूमिकाओं तक का उनका सफर।
फिल्म धुरंधर और इसके सीक्वल धुरंधर द रिवेंज की सफलता के बीच जिस कलाकार की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह हैं राकेश बेदी। इस फिल्म में उन्होंने पाकिस्तानी नेता और भारतीय जासूस जमील जमाली का किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया है। 150 से ज्यादा फिल्मों और कई लोकप्रिय टीवी शो में काम कर चुके राकेश बेदी ने साल 1979 में फिल्म हमारे तुम्हारे से अपने करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर आज तक वह लगातार दर्शकों को हंसाने और प्रभावित करने का काम कर रहे हैं।
हर किरदार में जान डालने की खासियत
राकेश बेदी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे हर किरदार को अपने अंदाज में जीवंत बना देते हैं। ‘धुरंधर 2’ में जमील जमाली का उनका रोल इसका ताजा उदाहरण है। इससे पहले भी उन्होंने कई फिल्मों और टीवी शो में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। उनकी कॉमिक टाइमिंग और गंभीर भूमिकाओं का संतुलन उन्हें खास बनाता है।
‘तारक मेहता’ में निभाया यादगार रोल
बहुत कम लोग जानते हैं कि राकेश बेदी सुपरहिट शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने साल 2020 में कोविड काल के दौरान शो ज्वाइन किया था। शो में उनका किरदार बाबूलाल का था, जो एक सिंधी बिजनेसमैन था। इस किरदार में वह थोड़े सख्त और अड़ियल बॉस के रूप में नजर आए। उन्होंने शैलेश लोढ़ा और सचिन श्रॉफ के साथ स्क्रीन शेयर किया और उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया।
‘कुबूल है’ से फिर चर्चा में आया पुराना किरदार
राकेश बेदी का एक और चर्चित किरदार टीवी शो कुबूल है से जुड़ा है। साल 2014 में आए इस शो में उन्होंने धुरंधर वातवडेकर का रोल निभाया था। आज ‘धुरंधर’ फिल्म के चलते उनका यह पुराना किरदार फिर से चर्चा में आ गया है और इसकी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
फिल्मों में निभाए कई यादगार रोल
राकेश बेदी ने उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑफिसर का रोल निभाया था। वहीं चश्मे बद्दूर में ओमी का किरदार आज भी लोगों को याद है। टीवी शो ये जो है जिंदगी और श्रीमान श्रीमती में भी उनके किरदार काफी लोकप्रिय रहे। इसके अलावा गदर में उन्होंने वैद कीमती लाल का रोल निभाया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
