38 साल की उम्र में प्रतीक यादव का निधन, घर के किचन में अचेत मिले, मौत की वजह बनी रहस्य
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का लखनऊ में 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पुलिस और डॉक्टर मामले की जांच कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के संस्थापकमुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। महज 38 साल की उम्र में हुई इस अचानक मौत से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह वह अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में पाए गए थे। परिवार के लोगों ने तुरंत अस्पताल को सूचना दी और उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे प्रतीक
सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजकर 55 मिनट पर घर में मौजूद लोगों ने अस्पताल को जानकारी दी कि प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो रास्ते में ही उनकी मौत हो चुकी थी। करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह घर के किचन में अचेत हालत में मिले थे। इस घटना के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने फोन कब्जे में लेकर शुरू की जांच
लखनऊ पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घर में उस समय क्या परिस्थितियां थीं। पुलिस ने प्रतीक यादव का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और उससे जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
कुछ दिन पहले मेदांता अस्पताल में थे भर्ती
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल को प्रतीक यादव को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि उनकी हालत में सुधार हो रहा था, लेकिन डॉक्टर उन्हें डिस्चार्ज करने के पक्ष में नहीं थे। इसके बावजूद वह अपनी इच्छा से अस्पताल से घर लौट आए थे और घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
चार डॉक्टरों की टीम करेगी पोस्टमार्टम
प्रतीक यादव के शव का पोस्टमार्टम केजीएमयू में कराया जाएगा। इसके लिए चार डॉक्टरों की टीम बनाई गई है। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इस बीच, अपर्णा यादव को जब पति के निधन की जानकारी मिली तो वह तुरंत दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर उनके भाई समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
