मेरठ में हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी पर हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की कर छुड़ाया आरोपी
मेरठ में स्कूल बस हमले के आरोपी इतिहास-शीटर को उसके परिवार द्वारा रिहा किए जाने पर झड़प हुई; पुलिस के काम में बाधा डालने के आरोप में 11 लोगों पर मामला दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में स्कूल बस में घुसकर छात्र पर हमला करने के मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर अभिषेक त्यागी उर्फ कलवा को पकड़ने गई पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। शुक्रवार शाम जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने उसके गांव पहुंची तो घर की महिलाओं ने टीम को घेर लिया और धक्का-मुक्की कर आरोपी को छुड़ा लिया। इस घटना के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लोगों के खिलाफ पुलिस कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी के दौरान हुआ हंगामा
यह मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र का है। बुधवार को कुछ लोगों ने स्कूल बस रुकवाकर दसवीं के छात्र जतिन त्यागी पर डंडों से हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में कैली गांव पहुंची थी। पुलिस टीम को देखकर अभिषेक त्यागी भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसी दौरान उसके घर की महिलाएं और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हंगामे के बीच आरोपी को छुड़ा लिया गया।
11 लोगों पर मुकदमा, दो हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में आरोपी की ताई, भांजी समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि हरिकेत और मोहित नाम के दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
फेक आईडी और अश्लील मैसेज से जुड़ा विवाद
हमले के शिकार छात्र जतिन त्यागी के पिता योगेश त्यागी ने बताया कि जतिन के सहपाठी हरिकेत ने छह महीने पहले उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली थी। उस आईडी से एक महिला टीचर को अश्लील संदेश भेजे गए। टीचर ने नाराज होकर जतिन का मोबाइल जब्त किया और कार्रवाई की चेतावनी दी। बाद में भी मैसेज आते रहे। साइबर सेल की जांच में हरिकेत का नाम सामने आया। इसी बात से नाराज होकर उसने स्कूल बस रुकवाकर जतिन पर जानलेवा हमला किया।
समाज संगठन ने दिया आंदोलन का अल्टीमेटम
दूसरी ओर, अभिषेक त्यागी के परिजनों ने उसे बेगुनाह बताया है और पुलिस पर फंसाने का आरोप लगाया है। त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने जबरन गिरफ्तारी की तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
