लखनऊ आशियाना में दामाद की बेरहमी से हत्या, ससुराल पक्ष पर आरोप, आरोपी फरार
लखनऊ के आशियाना में ससुराल वालों ने एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी, पुलिस इस सनसनीखेज हत्या के मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।
लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ससुराल में 30 वर्षीय युवक विष्णु यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप ससुर, पत्नी और सालियों पर है। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुलाकर किया गया हमला
जानकारी के मुताबिक, आशियाना के सेक्टर आई निवासी तीर्थ नाथ ने अपने दामाद विष्णु यादव को मंगलवार को घर बुलाया था। विष्णु यादव मूल रूप से प्रतापगढ़ के रहने वाले थे और उनकी शादी चार साल पहले तीर्थ नाथ की बेटी से हुई थी। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से की हत्या
विवाद इतना बढ़ गया कि तीर्थ नाथ ने अपनी बेटियों के साथ मिलकर विष्णु यादव पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से विष्णु यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पहले से चल रहा था पारिवारिक विवाद
बताया जा रहा है कि विष्णु यादव ने चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा था। इसी पारिवारिक तनाव के चलते यह घटना हुई होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
