खान सर-रोशन आनंद विवाद के बीच नेपाल से आई चौंकाने वाली खबर... होटल में मिली प्रिंस यादव की लाश, मौत पर उठे सवाल
Khan Sir News: खान सर और रोशन आनंद विवाद के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। FIR में नामजद और फरार चल रहे प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नेपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद के बीच चल रहा विवाद अब एक नए और बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है। इस मामले से जुड़ी एक बड़ी खबर नेपाल से सामने आई है, जिसने शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। खान सर कोचिंग प्रकरण में नामजद और कई दिनों से फरार चल रहे प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही रोशन आनंद के परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।
फरारी के दौरान नेपाल में छिपा था प्रिंस यादव
जानकारी के अनुसार, पटना में चल रहे हाई-प्रोफाइल ‘खान सर बनाम रोशन आनंद’ विवाद के कारण रोशन आनंद फिलहाल जेल में हैं। वहीं खान सर को हाल ही में अग्रिम जमानत मिली है। इसी विवाद के दौरान खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले में प्रिंस यादव का नाम मुख्य आरोपियों में शामिल किया गया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस यादव अपने 6 से 7 दोस्तों के साथ नेपाल चला गया था। बताया जा रहा है कि वह नेपाल के एक होटल में छिपकर रह रहा था। इसी दौरान देर रात होटल के कमरे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मौत की वजह अब तक साफ नही
प्रिंस यादव की मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। नेपाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय होटल में मौजूद सभी युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक किसी हत्या या अन्य आपराधिक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सोशल मीडिया पर उठ रहे कई सवाल
प्रिंस यादव की अचानक हुई इस मौत को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोग इसे सामान्य हादसा या आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं और इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जता रहे हैं। गौरतलब है कि प्रिंस यादव पर वर्ष 2021 में भी खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमला करने का आरोप लगा था। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद, आरोप-प्रत्यारोप और केस-काउंटर केस का सिलसिला चलता रहा है। ऐसे में नेपाल के होटल में हुई यह संदिग्ध मौत पूरे मामले को और अधिक रहस्यमय और पेचीदा बना रही है। अब सभी की नजर नेपाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
