खान सर की बढ़ीं परेशानी, आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ केस... फायरिंग वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन
Khan Sir FIR: पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और कथित फायरिंग के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। दो गार्ड गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि वायरल वीडियो और फायरिंग को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
पटना में दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई उनके संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) में हुई तोड़फोड़, पथराव और कथित फायरिंग की घटना के बाद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और किसी भी समय खान सर से पूछताछ की जा सकती है। इसके लिए एक विशेष टीम का भी गठन किया गया है।
तोड़फोड़ के बाद हुई फायरिंग
मंगलवार देर रात खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कुछ लोगों द्वारा तोड़फोड़ और पथराव किए जाने की घटना सामने आई थी। उस समय खान सर ने आरोप लगाया था कि पास के एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने उनके सामने फायरिंग की थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच के दौरान एक वायरल वीडियो सामने आया, जिसमें केजीएस संस्थान के दो सुरक्षा गार्ड हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। पुलिस ने वीडियो की पुष्टि के बाद दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया।
खान सर के दो गार्ड हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार गार्डों की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी प्रदीप कुमार और कासगंज निवासी कालेश्वर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि तोड़फोड़ और पथराव के बाद उन्होंने बचाव के लिए हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने दोनों की राइफलें जब्त कर ली हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। कदमकुआं थाने में फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में एक और एफआईआर भी दर्ज की गई है।
जांच के घेरे में खान सर
पटना पुलिस के अनुसार, फायरिंग मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैसल खान से भी पूछताछ की गई है। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया है कि पूरी घटना की साजिश खुद खान सर ने रची थी। उन्होंने फायरिंग वाले वीडियो का हवाला देते हुए कई सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले ने बिहार के कोचिंग जगत और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
