कासगंज में तालिबानी सजा का वीडियो वायरल, बुजुर्ग का मुंह काला किया, जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

कासगंज के सोरों क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग को जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर, मुंह काला कर पूरे गांव में घुमाने का वीडियो वायरल हुआ है। ग्रामीणों ने उस पर महिलाओं से अश्लील बातचीत का आरोप लगाया, लेकिन कानून अपने हाथ में लेने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए। आखिर पुलिस ने क्या कार्रवाई की और पूरा मामला क्या है? 

Jun 23, 2026 - 11:18
Jun 23, 2026 - 11:19
 0

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को कथित आरोपों के आधार पर ऐसी सजा दी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बुजुर्ग के गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई, उसका मुंह काला किया गया और पूरे गांव में घुमाते हुए उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

भीड़ बनी रही तमाशबीन
वायरल वीडियो कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला पलटू गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में करीब 60 वर्षीय राम विलास के साथ कई लोग अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। किसी ने उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी, तो किसी ने चेहरे पर कालिख पोत दी। इसके बाद उन्हें पूरे गांव में घुमाया गया। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि कुछ लोग लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर रहे हैं, जबकि कई बार उनका सिर पेड़ से भी टकराया जाता है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण तमाशबीन बने रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
गांव के कुछ लोगों का आरोप है कि बुजुर्ग महिलाओं और युवतियों से मोबाइल फोन पर अश्लील बातचीत करता था। इतना ही नहीं, उस पर प्रेमी-युगलों की मुलाकात कराने का भी आरोप लगाया गया। इन्हीं आरोपों के बाद कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया का इंतजार किए सार्वजनिक रूप से अपमानित करना शुरू कर दिया। हालांकि, आरोप कितने सही हैं और उनके समर्थन में क्या सबूत हैं, इसकी पुष्टि अभी तक आधिकारिक रूप से नहीं हुई है। लेकिन जिस तरह से भीड़ ने खुद ही फैसला सुनाते हुए कानून हाथ में लिया, उसने कानून व्यवस्था और भीड़तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। कासगंज सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-: जुम्मन कुरैशी 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0