PBKS की जीत से दिल्ली बाहर, अब RR-KKR और पंजाब के बीच प्लेऑफ की जंग, समझिए पूरा समीकरण
IPL 2026 Playoff Scenario: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। अब आखिरी स्पॉट के लिए राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला बचा है। राजस्थान की जीत उन्हें सीधे प्लेऑफ में पहुंचाएगी, जबकि KKR को बड़े अंतर से जीत चाहिए।
आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस को और रोमांचक बना दिया। इस हार से लखनऊ सुपर जायंट्स को ज्यादा फर्क नहीं पड़ा क्योंकि टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी। लेकिन पंजाब की इस जीत ने दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। दिल्ली के नजरिए से इस मैच में पंजाब की हार जरूरी थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अब दिल्ली आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। अब आखिरी प्लेऑफ स्पॉट के लिए राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला बचा है।
राजस्थान रॉयल्स के हाथ में सबसे बड़ा मौका
राजस्थान रॉयल्स के लिए समीकरण अभी भी सबसे आसान माना जा रहा है। टीम को सिर्फ मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला जीतना है। अगर राजस्थान यह मैच जीत जाती है, तो उसके 14 मैचों में 16 अंक हो जाएंगे और टीम सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।ऐसी स्थिति में पंजाब किंग्स 15 अंकों पर ही रह जाएगी। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स अगर अपना मैच जीत भी लेती है, तब भी उसके सिर्फ 15 अंक ही होंगे। यानी राजस्थान की जीत बाकी सभी टीमों का खेल खत्म कर देगी। लेकिन अगर राजस्थान मुंबई इंडियंस से हार जाती है, तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें भी खत्म हो जाएंगी। ऐसे में टीम खुद अपने हाथों से मौका गंवा देगी।
KKR को चाहिए बड़ी जीत
अगर राजस्थान हारती है, तो कोलकाता नाइट राइडर्स के पास मौका बन सकता है। हालांकि KKR के लिए सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, उसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि रन रेट बेहतर हो सके। अगर KKR पहले बल्लेबाजी करती है और 200 रन बनाती है, तो उसे कम से कम 77 रन के अंतर से जीतना होगा। वहीं अगर टीम लक्ष्य का पीछा करती है, तो 180 से ज्यादा का स्कोर लगभग 12 से 12.4 ओवर में हासिल करना होगा।
पंजाब किंग्स का क्या है समीकरण?
पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ का रास्ता अब काफी हद तक राजस्थान रॉयल्स के नतीजे पर निर्भर है। पंजाब के लिए सबसे जरूरी है कि राजस्थान अपना मुकाबला हार जाए। क्योंकि राजस्थान के जीतते ही पंजाब प्लेऑफ से बाहर हो जाएगी। हालांकि अगर राजस्थान हारती है, तब भी पंजाब की जगह पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगी। ऐसी स्थिति में KKR अगर बहुत बड़े अंतर से जीत हासिल कर लेती है और अपना रन रेट सुधार लेती है, तो पंजाब बाहर हो सकती है। लेकिन अगर KKR मामूली अंतर से जीतती है, तो पंजाब किंग्स का प्लेऑफ में पहुंचना तय माना जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
