वनडे टीम में 3 साल बाद ईशान किशन की वापसी, अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय वनडे-टेस्ट टीम का ऐलान, जानिए किन खिलाड़ियों को मिला मौका
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। जहां ईशान किशन की 3 साल बाद वापसी हुई है, जबकि ऋषभ पंत से उपकप्तानी लेकर केएल राहुल को जिम्मेदारी दी गई है। जानिए किन खिलाड़ियों को मिला मौका और किसे दिया गया आराम...
अफगानिस्तान के खिलाफ जून में होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस बार चयनकर्ताओं के फैसलों ने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया। टीम में जहां कई अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी हुई है, वहीं कुछ बड़े बदलाव भी देखने को मिले हैं। सबसे ज्यादा चर्चा ईशान किशन की वापसी और ऋषभ पंत से टेस्ट टीम की उपकप्तानी हटाने को लेकर हो रही है। करीब तीन साल बाद ईशान किशन को वनडे टीम में मौका मिला है। वहीं, केएल राहुल को टेस्ट टीम का नया उपकप्तान बनाया गया है। दूसरी तरफ जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को दोनों फॉर्मेट से आराम दिया गया है। चयनकर्ताओं ने इस बार घरेलू क्रिकेट और IPL में अच्छा प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है। प्रिंस यादव समेत चार खिलाड़ियों को पहली बार टीम इंडिया में जगह मिली है।
3 साल बाद ईशान किशन की वापसी
वनडे टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज ईशान किशन की वापसी रही। ईशान ने अपना आखिरी वनडे मैच अक्टूबर 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ ही खेला था। इसके बाद वह लंबे समय तक टीम से बाहर रहे, लेकिन हालिया प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का भरोसा फिर जीत लिया। टी-20 वर्ल्ड कप में ईशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 9 मैचों में 317 रन बनाए थे। इसी प्रदर्शन का इनाम अब उन्हें वनडे टीम में वापसी के रूप में मिला है। ईशान अब तक भारत के लिए 27 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 42.40 की औसत से 933 रन बनाए हैं। उनके नाम एक दोहरा शतक भी दर्ज है।
पंत की जगह राहुल को मिली उपकप्तानी
भारतीय टेस्ट टीम में इस बार सबसे बड़ा बदलाव नेतृत्व को लेकर देखने को मिला। ऋषभ पंत से टेस्ट टीम की उपकप्तानी वापस ले ली गई है। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पंत उपकप्तान थे और शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उन्होंने कप्तानी भी संभाली थी। हालांकि अब टीम मैनेजमेंट ने केएल राहुल को यह जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि चयनकर्ता टेस्ट टीम में ज्यादा अनुभव और स्थिरता चाहते हैं। राहुल लंबे समय से टीम के सीनियर खिलाड़ियों में शामिल हैं और कई मौकों पर कप्तानी भी कर चुके हैं।
IPL और घरेलू क्रिकेट से सीधे टीम इंडिया में एंट्री
इस बार टीम इंडिया में चार नए खिलाड़ियों को मौका मिला है। वनडे टीम में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की एंट्री हुई है, जबकि मानव सुथार, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। इन सभी खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट और IPL में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। राजस्थान के लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने लगातार विकेट लेकर खुद को साबित किया था। वहीं पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने भी घरेलू क्रिकेट और IPL में प्रभावित किया। हर्ष गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगी खिलाड़ी साबित हुए हैं।
किंग को बोल्ड करने वाले प्रिंस भी टीम में शामिल
दिल्ली के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव इस वक्त IPL में लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने IPL 2026 में अब तक 12 मैचों में 16 विकेट लिए हैं और टीम के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं। प्रिंस उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया था। उनकी गति और सटीक लाइन-लेंथ ने चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें सीधे वनडे टीम में जगह मिली।
IPL के बाद फिर मैदान में उतरेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली
वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों को जगह मिली है। हालांकि IPL के दौरान रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या चोटिल हो गए थे। रोहित ने वापसी कर ली है और मुंबई इंडियंस के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे हैं, लेकिन हार्दिक अब भी पूरी तरह फिट नहीं हैं। दोनों खिलाड़ियों को अंतिम रूप से खेलने के लिए BCCI की मेडिकल टीम से मंजूरी लेनी होगी।
भारत-अफगानिस्तान सीरीज का पूरा कार्यक्रम
अफगानिस्तान की टीम जून में भारत दौरे पर आएगी। दोनों देशों के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
- टेस्ट मैच — मुल्लांपुर
- पहला वनडे — धर्मशाला
- दूसरा वनडे — लखनऊ
- तीसरा वनडे — चेन्नई
भारतीय टेस्ट टीम-: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
भारतीय वनडे टीम-: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
