'भगवान को लूटने वाले चोर-डाकू से भी ऊपर' राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भड़के मुकेश खन्ना,दान देने को लेकर श्रद्धालुओं से की बड़ी अपील
राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच अभिनेता मुकेश खन्ना का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मंदिरों में चढ़ावा लूटने वाले 'भगवान को भी लूट रहे हैं' और श्रद्धालुओं से नकदी व गहनों का चढ़ावा बंद करने की अपील की। जानिए उन्होंने ऐसा क्यों कहा और राम मंदिर चढ़ावा मामले में अब तक क्या-क्या कार्रवाई हुई है।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब वरिष्ठ अभिनेता मुकेश खन्ना का बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मंदिरों में चढ़ावा लूटने वाले सिर्फ भक्तों के साथ नहीं, बल्कि भगवान के साथ भी धोखा कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मंदिरों में नकदी और गहनों का चढ़ावा देना बंद कर दें।
'भगवान तक नहीं पहुंचता आपका चढ़ावा'
मुकेश खन्ना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाया गया नकद दान और गहने हमेशा भगवान तक नहीं पहुंचते, बल्कि बीच में ही गायब हो जाते हैं। उन्होंने लिखा कि देश में चढ़ावे की लूट मची हुई है और ऐसे लोगों को चोर, डाकू या बेईमान कहना भी कम होगा, क्योंकि उनके मुताबिक वे भगवान को भी लूट रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि चोर, डाकू और बेईमान तो बहुत देखे, लेकिन जो भगवान के नाम पर आने वाले चढ़ावे में हाथ डालें, उन्हें क्या कहा जाए? मुकेश खन्ना ने अपनी पोस्ट में श्रद्धालुओं को सलाह देते हुए कहा कि यदि चढ़ावा ही नहीं चढ़ेगा तो घोटालों की गुंजाइश भी खत्म हो जाएगी। उन्होंने खास तौर पर मंदिरों में नकदी और गहनों का दान नहीं करने की अपील की। उनके मुताबिक, भगवान श्रद्धा से प्रसन्न होते हैं, महंगे चढ़ावे से नहीं।
क्या है राम मंदिर चढ़ावा विवाद?
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला 7 जून को सामने आया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। शुरुआती जांच में दान, चढ़ावे और मंदिर प्रबंधन से जुड़े कुछ मामलों में अनियमितताओं के संकेत मिलने की बात सामने आई। SIT की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। चढ़ावा विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। वहीं, सूत्रों के अनुसार मंदिर निर्माण व्यवस्था से जुड़े प्रभारी गोपाल राव को भी जिम्मेदारियों से अलग कर दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
