फतेहपुर में प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गए युवक को ससुराल वालों ने पीट-पीटकर मार डाला
फतेहपुर में एक विवाहित प्रेमिका से मिलने गए व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मामला मलवां थाना क्षेत्र के बधैयापुर गांव का है, जहां एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल गया था। इसी दौरान प्रेमिका के पति और परिजनों ने उसे पकड़ लिया और भैंस चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्रेमिका ने बुलाया, पति ने पकड़कर की पिटाई
जानकारी के मुताबिक, मृतक कमलेश प्रजापति (42) निवासी भिटौरा थाना हुसैनगंज का पहले से ही तारा देवी नाम की महिला से संपर्क था। तारा देवी की शादी बधैयापुर गांव में हुई है। आरोप है कि महिला ने ही कमलेश को रात में मिलने के लिए बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा, तो महिला के पति मानसिंह और अन्य परिजनों ने उसे देख लिया। इसके बाद उन्होंने भैंस चोरी का शोर मचाया और कमलेश को पकड़कर लाठियों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस को भैंस चोरी की सूचना, मौके पर पहुंची टीम
घटना की सूचना ग्रामीणों ने यूपी 112 पर दी, जिसमें बताया गया कि एक व्यक्ति को भैंस चोरी करते हुए पकड़ा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कमलेश को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि इलाज के दौरान सुबह करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप, धोखे से बुलाकर की हत्या
मृतक के छोटे भाई सुमेश ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनके भाई को साजिश के तहत बुलाया गया और फिर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि 4 मई की रात कमलेश घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। सुबह ग्राम प्रधान से जानकारी मिली कि उनका शव अस्पताल में है। कमलेश सटरिंग का काम करते थे। उनकी पत्नी सविता देवी और दो बेटियां—कोमल (11) और विद्यावती (8)—का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद थाना परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे देखते हुए सुरक्षा बढ़ानी पड़ी।
(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
