इटावा में होली के दिन दर्दनाक हादसा, मां के कुएं में कूदते ही बेटी ने भी लगा दी छलांग

इटावा के लालपुरा गांव में होली के दिन पति से नाराज होकर महिला कुएं में कूद गई। मां को गिरते देख 18 साल की बेटी भी पीछे से कूद गई। ग्रामीणों ने मां को बचा लिया, लेकिन बेटी की तलाश के लिए घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलता रहा।

Mar 5, 2026 - 17:07
 0
इटावा में होली के दिन दर्दनाक हादसा, मां के कुएं में कूदते ही बेटी ने भी लगा दी छलांग

Uttar Pradesh News: इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में होली के दिन एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। लालपुरा गांव में एक महिला ने पति से होली के दिन ऑटो न चलाने को कहा, लेकिन जब पति ने उसकी बात नहीं मानी तो नाराज होकर वह घर के पास बने कुएं में कूद गई। मां को कुएं में गिरते देख उसकी 18 साल की बेटी ने भी बिना देर किए पीछे से छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए मां को बाहर निकाल लिया, लेकिन बेटी को ढूंढने के लिए घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलता रहा। इस घटना के बाद खुशियों का त्योहार अचानक मातम में बदल गया।

पति से नाराज होकर महिला ने लगाई कुएं में छलांग
जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार शाम लालपुरा गांव में हुई। मोहिनी, जो पवन कुमार दोहरे की बेटी है, ने बताया कि होली के दिन उनके घर पर उनकी बुआ नीलम आई हुई थीं। कुछ समय बाद वह अपने बेटे के साथ वापस चली गईं। उस समय परिवार के लोग ताऊ अखिलेश के घर पर थे। इसी दौरान उनके पिता पवन कुमार ऑटो चलाने के लिए घर से निकलने लगे। मां रेखा देवी ने उनसे कहा कि त्योहार के दिन सवारियां ढोने के लिए न जाएं, लेकिन जब उन्होंने पत्नी की बात नहीं मानी तो रेखा देवी गुस्से में घर लौटीं और पास में बने कुएं में कूद गईं।

मां को गिरते देख बेटी ने भी लगा दी छलांग
मां को अचानक कुएं में गिरते देख उनकी बड़ी बेटी भूमि ने बिना कुछ सोचे तुरंत पीछे से कुएं में छलांग लगा दी। यह देखकर आसपास के लोग घबरा गए और शोर मचाते हुए मौके पर पहुंच गए। कुछ ही पल में गांव में अफरातफरी मच गई।

ग्रामीणों ने बचाई मां की जान, बेटी की तलाश जारी
घटना के बाद गांव के करन सिंह ने साहस दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में उतरकर रेखा देवी को बाहर निकाल लिया। हालांकि भूमि काफी गहराई में चली गई थी, जिसके कारण उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत बकेवर थाने में सूचना दी। थानाध्यक्ष विपिन मलिक और महेवा चौकी इंचार्ज रजनीश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाकर कुएं में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से भूमि को तलाशने की कोशिश की जाती रही।

महिला का इलाज जारी, गांव में पसरा मातम
रेखा देवी को गंभीर हालत में महेवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। भूमि पांच बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार में मोहिनी (17), फ्रूटी (14), रावी (11), वैष्णवी (6) और एक छोटा भाई आर्यन (5) भी हैं। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। महिलाएं और बच्चे रोते-बिलखते नजर आए। मौके पर उपनिरीक्षक विनीत तिवारी, दयाशंकर और अंकित पटेल सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। सूचना मिलने पर सीओ भर्थना रामदबन सिंह भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे। होली के दिन हुई इस घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।