एटा में कंस वध मंचन के दौरान अचानक हुई फायरिंग, भागवत कथा में मची भगदड़, दो श्रद्धालुओं के पैरों में लगी गोली
एटा के पुरसारी गांव में भागवत कथा के समापन पर कंस वध लीला के दौरान अचानक गोली चलने से दो श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र स्थित पुरसारी गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कंस वध लीला के मंचन के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली लगने से दो श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार घायल श्रद्धालुओं की पहचान अशोक (40) पुत्र श्रीराम सिंह, निवासी कठिनगरा थाना जैथरा और सत्यपाल (50) पुत्र राजाराम, निवासी कुमरपुर थाना मलावन के रूप में हुई है। दोनों भागवत कथा के समापन अवसर पर आयोजित कंस वध लीला देखने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक चली गोली उनके पैरों में जा लगी, जिससे दोनों घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद मची भगदड़
गोली चलने की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। घायल अशोक के भाई दिनेश ने बताया कि गांव में धीरेन्द्र के यहां कई दिनों से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। गुरुवार को कथा के समापन पर कंस वध लीला का मंचन किया जा रहा था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और अशोक तथा सत्यपाल उसके शिकार हो गए।
डॉक्टरों ने बताई कैसी है हालत ?
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों के पैरों में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे और क्षेत्राधिकारी मलावन नीतीश कुमार गर्ग भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। सीओ नीतीश कुमार गर्ग ने बताया कि धार्मिक आयोजन के दौरान दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। अब यह जांच की जा रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- शिवम कश्यप
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
