रास्ता रोकने पर शुरू हुआ विवाद, रात में BJP नेता समर्थकों संग पहुंचा… फिर गांव में मच गया हंगामा
बिजनौर के रहमापुर गांव में भाजपा नेता सुरेश भगत और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हमलावरों को खदेड़ दिया। पुलिस ने भाजपा नेता समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से देर रात हुए बवाल का मामला सामने आया है। कोतवाली देहात क्षेत्र के रहमापुर गांव में भाजपा नेता सुरेश भगत और उनके समर्थकों पर एक परिवार के घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि करीब 20 से 25 लोग लाठी-डंडों के साथ घर में घुसे और जमकर मारपीट की। घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस के सामने ही हमला कर दिया। बाद में महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और उन्होंने आरोपियों को गांव से खदेड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम रहमापुर निवासी मोहित कुमार अपनी कार से गांव लौट रहे थे। रास्ते में पड़ोसी गांव बिश्नोईवाला निवासी भाजपा नेता सुरेश भगत के बेटे अंकुल की पॉपलर और यूकेलिप्टिस की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब हालत में खड़ी थी। ट्रॉली की वजह से रास्ता बंद हो गया था। इसी बात को लेकर मोहित और अंकुल के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। उस समय गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन आरोप है कि रात करीब 10 बजे सुरेश भगत अपने बेटों और समर्थकों के साथ लाठी-डंडे लेकर मोहित के घर पहुंच गए। उनके साथ एक दरोगा और दो पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
पुलिस की मौजूदगी में हमला करने का आरोप
मोहित पक्ष का आरोप है कि भाजपा नेता और उनके समर्थकों ने पुलिस के सामने ही घर में घुसकर हमला कर दिया। हमलावरों ने मोहित कुमार, उनकी पत्नी अभिलाषा और बुजुर्ग मां आदेश देवी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घर से महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ देखकर हमलावर घबरा गए। गांव वालों ने उन्हें घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। खुद को फंसता देख आरोपी अपनी दो कारें और लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
भाजपा नेता समेत 7 लोगों पर FIR दर्ज
सूचना मिलने के बाद कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मौके से दोनों कारों और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि पीड़िता अभिलाषा की शिकायत के आधार पर भाजपा नेता सुरेश भगत, अंकुल, विपुल, दीपू, शांतनु, नकुल और नरदेव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
