बरेली के अस्पताल के कमरे में मिली नर्स की लाश, मौत से पहले पति से फोन पर हुआ था विवाद

बरेली के एक निजी अस्पताल में काम करने वाली नर्स प्रियंका देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले उसका अपने पति से फोन पर विवाद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

Mar 9, 2026 - 12:06
 0
बरेली के अस्पताल के कमरे में मिली नर्स की लाश, मौत से पहले पति से फोन पर हुआ था विवाद

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक निजी अस्पताल में काम करने वाली नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार दोपहर उसका शव अस्पताल परिसर में बने कमरे में मिला, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि नर्स की रात में अपने पति से फोन पर बहस हुई थी, जिसके बाद यह घटना सामने आई।

अस्पताल के कमरे में रहती थी नर्स
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 30 वर्षीय प्रियंका देवी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के कुंवरपुर बंजरिया गांव की रहने वाली थी। प्रियंका के पति का नाम सुनील कुमार है। वह काफी समय से बरेली के पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम कर रही थी। प्रियंका अस्पताल के पीछे बने नर्स आवास में रहती थी। उसी कमरे में उसके साथ एक अन्य नर्स आस्था भी रहती थी।

सुबह तक सोती मिली, दोपहर में हुई घटना का खुलासा
आस्था ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात प्रियंका की ड्यूटी थी। रविवार सुबह करीब आठ बजे जब वह अपनी ड्यूटी पर जाने लगी तो प्रियंका कमरे में सो रही थी। आस्था को लगा कि रात की ड्यूटी के कारण वह थकी हुई होगी, इसलिए उसने उसे नहीं जगाया और खुद काम पर चली गई। करीब चार घंटे बाद जब वह दोपहर लगभग 12 बजे वापस कमरे पर लौटी तो उसने देखा कि प्रियंका बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
आस्था ने तुरंत अस्पताल के अन्य कर्मचारियों और प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद प्रियंका को तुरंत अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

पति से विवाद के बाद उठाया कदम होने की आशंका
इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रियंका और उसके पति के बीच कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। शनिवार रात दोनों के बीच मोबाइल पर लंबी बातचीत और चैटिंग हुई थी, जिसमें किसी बात को लेकर बहस भी हुई। इसके बाद पति सुनील कुमार ने प्रियंका का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया था। पुलिस को आशंका है कि इसी बात से परेशान होकर प्रियंका ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया होगा। पुलिस ने घटना की जानकारी प्रियंका के परिवार को दे दी है और उसका पति भी बरेली पहुंच गया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और अस्पताल कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।