अयोध्या में भक्ति की रंगों भरी होली दशरथ महल से हनुमानगढ़ी तक फूलों की वर्षा, जयकारों से गूंजी रामनगरी
अयोध्या में दशरथ महल से लेकर हनुमानगढ़ी तक भव्य पुष्प होली समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संतों और भक्तों ने भजन-कीर्तन और पारंपरिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
रामनगरी अयोध्या में इस बार होली का उत्सव भक्ति और परंपरा के अनोखे संगम के साथ मनाया जा रहा है। शहर के मठ–मंदिरों में फूलों की होली खेली गई, जहां साधु–संत भजन-कीर्तन के बीच होली के पारंपरिक गीतों पर झूमते नजर आए। दशरथ महल से लेकर मुरारी मंदिर और तुलसी बारी मंदिर तक पूरा वातावरण “सीताराम” की धुन से गूंज उठा। श्रद्धालु और संत समाज रंग और भक्ति के इस उत्सव में पूरी तरह डूबे दिखाई दिए।
हनुमानगढ़ी से निकली भव्य शोभायात्रा
परंपरा के अनुसार, होली का पावन निमंत्रण स्वयं बजरंगबली की ओर से दिया जाता है। अयोध्या स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी से नागा साधुओं ने हनुमान जी के पवित्र निशान के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा विभिन्न मठों और मंदिरों तक पहुंची। रास्ते भर ढोल–नगाड़ों की धुन, “जय श्रीराम” और “बजरंगबली की जय” के जयकारों से पूरी रामनगरी गूंज उठी। संतों ने फूलों और गुलाल से होली खेलकर परंपरा का निर्वहन किया।
त्रेता युग से जुड़ी है परंपरा
मान्यता है कि अयोध्या में इस तरह होली मनाने की परंपरा त्रेता युग से चली आ रही है। रंगभरी एकादशी से लेकर होलिका दहन और धुलेंडी तक यहां होली केवल रंगों का त्योहार नहीं रहती, बल्कि भगवान के साथ प्रेम, भक्ति और आनंद का उत्सव बन जाती है। मठ–मंदिरों में भगवान की प्रतिमाओं पर गुलाल और पुष्प अर्पित किए जाते हैं। ऐसा लगता है मानो स्वयं प्रभु भी भक्तों के साथ रंगों में सराबोर हो रहे हों।
संत समाज में खास उत्साह
हनुमानगढ़ी के महंत संजय दास ने बताया कि रंगभरी एकादशी से ही अयोध्या में होली उत्सव की शुरुआत हो जाती है। नागा साधु हनुमान जी का निशान लेकर पंचकोसी परिक्रमा करते हैं और मार्ग में पड़ने वाले सभी मठ–मंदिरों में होली खेलकर निमंत्रण देते हैं। इस बार श्रद्धालुओं और संत समाज में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अवध की यह आध्यात्मिक होली देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रंगभरी एकादशी के साथ ही अयोध्या की गलियां भक्ति, परंपरा और रंगों से सराबोर हो उठी हैं, जहां हर ओर आस्था और उल्लास की अनूठी छवि दिखाई दे रही है।
(रिपोर्टः अनूप कुमार, अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
