जलभराव से बेहाल अमेठी के व्यापारी, अधूरे नाला निर्माण पर DM को सौंपा ज्ञापन
अमेठी के व्यापारियों ने मानसून से पहले गंभीर जलभराव की समस्या को हल करने के लिए लंबित नाली निर्माण कार्यों को पूरा करने की मांग करते हुए जिला मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा।
अमेठी नगर क्षेत्र में जलभराव और अधूरे नाला निर्माण की समस्या को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बरसात से पहले जल निकासी की व्यवस्था पूरी न होने के कारण व्यापारियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में जिलाधिकारी संजय चौहान को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल ने मांग की कि नगर क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े नाला निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए ताकि बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से राहत मिल सके। व्यापारियों ने निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई।
वर्षों से अधूरा पड़ा है नाला निर्माण
व्यापार मंडल के अनुसार गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर देवीपाटन मंदिर से आरआरपीजी कॉलेज तक नाला निर्माण का टेंडर करीब चार साल पहले हो चुका था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इसके कारण इलाके में जल निकासी की बड़ी समस्या बनी हुई है। इसके अलावा गांधी चौक से हनुमानगढ़ी मंदिर होते हुए बाईपास तक बनने वाले नाले का टेंडर भी लगभग एक वर्ष पहले हुआ था। इस परियोजना के लिए करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है।
जलभराव से व्यापारियों को हो रहा नुकसान
महेश सोनी ने कहा कि हर साल बरसात के मौसम में दुकानों और घरों में पानी भर जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। साथ ही आम लोगों को भी आवाजाही में काफी दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नाला निर्माण पूरा नहीं हुआ तो आने वाली बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसलिए प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
ज्ञापन मिलने के बाद जिलाधिकारी संजय चौहान ने नगर पंचायत को जरूरी निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि बरसात शुरू होने से पहले नाला निर्माण और जल निकासी से जुड़े सभी जरूरी कार्य शुरू कराकर पूरे कराए जाएंगे। इस दौरान व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें वरिष्ठ जिला महामंत्री सुशील जायसवाल, राम जी अग्रहरि, राहुल लोहिया, घनश्याम वर्मा, संदीप अग्रहरि, हिमांशु कसौधान, सोनू कसौधन, पवन वैश्य और प्रदीप जायसवाल शामिल रहे।
रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
