प्रेमिका की शादी में पहुंचकर किया हंगामा, पहले जमकर पीटा फिर अस्पताल में घुसकर प्रेमी को मार दी गोली

अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती युवक को उसकी प्रेमिका के भाइयों ने वार्ड में घुसकर गोली मार दी। गंभीर हालत में युवक को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Mar 17, 2026 - 12:15
 0
प्रेमिका की शादी में पहुंचकर किया हंगामा, पहले जमकर पीटा फिर अस्पताल में घुसकर प्रेमी को मार दी गोली

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। थाना क्वार्सी क्षेत्र के मैरिस रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती एक युवक पर उसकी प्रेमिका के भाइयों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर सीधे अस्पताल के वार्ड में घुस गए और बेड पर लेटे युवक के सिर में गोली मार दी। इसके बाद उन्होंने अस्पताल स्टाफ पर भी फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत जवाहर लाल नेहरू मेडीकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

पांच साल पुराने प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद
अलीगढ़ के एसएसपी नीरज जादौन के अनुसार घायल युवक की पहचान वेदपाल के रूप में हुई है। वेदपाल का मथुरा जिले की एक युवती के साथ पिछले पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत 3 फरवरी को हुई थी। उस दिन युवती की शादी हो रही थी और उसी दौरान वेदपाल वहां पहुंच गया। वहां पहुंचकर उसने काफी हंगामा कर दिया, जिसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था। इस घटना के बाद वेदपाल को करीब 15 दिन जेल में रहना पड़ा। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।

इलाज के दौरान अस्पताल में मारी गोली
पिटाई के दौरान वेदपाल के हाथ में गंभीर चोट आई थी। इसी चोट का इलाज कराने के लिए वह मैरिस रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती था। सोमवार देर शाम हमलावरों ने पहले अस्पताल की रेकी की। इसके बाद वे सीधे वार्ड में पहुंचे और बेड पर लेटे वेदपाल के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

हमलावर में एक भाई पुलिसकर्मी
इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हमला करने वालों में युवती का एक भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती के पिता को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार वह बागपत जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस में ड्राइवर के पद पर तैनात हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। अस्पताल परिसर में खुलेआम हुई इस फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।