प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने बेटी को मारकर खेत में दफनाया, अलीगढ़ में ऑनर किलिंग से सनसनी
अलीगढ़ के जरारा गांव में ऑनर किलिंग का दर्दनाक मामला सामने आया है। प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी शिवानी की हत्या कर शव खेत में दफना दिया। मां के शक के बाद पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। थाना खैर क्षेत्र के जरारा गांव में एक पिता पर अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने गुस्से में आकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने जुर्म को छुपाने के लिए शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रेम प्रसंग को लेकर घर में हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, जरारा गांव निवासी पूरन सिंह जाटव अपनी बेटी शिवानी के प्रेम संबंधों से नाराज था। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और शव को गांव में स्थित अपने खेत में ले जाकर गहरे गड्ढे में दबा दिया।
मां के शक ने खोला पूरा राज
आरोपी पिता शायद अपने इस राज को लंबे समय तक छुपा लेता, लेकिन शिवानी की मां की सतर्कता से पूरा मामला सामने आ गया। जब शिवानी अचानक घर से गायब हुई तो मां को चिंता हुई। बाद में जब वह खेत की तरफ गईं तो वहां खुदी हुई मिट्टी देखकर उन्हें शक हुआ। मां को अंदेशा हो गया कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है। इसके बाद उन्होंने तुरंत खैर थाना पुलिस को सूचना दी।
हिरासत में आरोपी पिता
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कानूनी प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खेत में खुदाई कराई गई। कुछ देर बाद जमीन के नीचे से शिवानी का शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई। एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी पूरन सिंह जाटव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
